नई दिल्ली: खुशी का जश्न मनाने के लिए उम्र कोई बाधा नहीं होती, और यह बात हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो ने साबित कर दी है. इस वीडियो में एक दादा जी अपनी पोती की हल्दी सेरेमनी में पूरे जोश और उमंग के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं. उनकी इस एनर्जी और जिंदादिली ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है.
हल्दी सेरेमनी में दादा जी की धूम
वीडियो में दिखाया गया है कि हल्दी की रस्म के दौरान परिवार के सभी लोग जश्न में डूबे हुए हैं. तभी दादा जी भी डांस फ्लोर पर आते हैं और अपनी पोती के साथ ठुमके लगाने लगते हैं. पोती भी अपने दादा जी के साथ नाचते हुए बेहद खुश नजर आ रही है. खास बात यह है कि दादा जी ने क्लासिक गाने 'फिरकीवाली' पर ऐसा जबरदस्त डांस किया कि देखने वाले लोग भावुक हो गए.
सोशल मीडिया पर छाया वीडियो
इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए इस वीडियो को अब तक 3 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है. कमेंट सेक्शन में लोग जमकर दादा जी की तारीफ कर रहे हैं. कोई उनकी एनर्जी का फैन हो गया, तो किसी को अपने दादा-दादी की याद आ गई.
एक यूजर ने लिखा, "ऐसे खूबसूरत पल हर किसी को नसीब नहीं होते. यह वीडियो देखकर मेरी आंखों में आंसू आ गए." वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, "मेरी शादी बस कुछ ही दिनों में है, काश मेरे दादाजी भी यहां होते और मेरे साथ ऐसे ही डांस करते."
परिवार का अनमोल प्यार
यह वीडियो सिर्फ एक डांस परफॉर्मेंस नहीं, बल्कि परिवार के बीच गहरे प्रेम और खुशी का प्रतीक है. दादा-पोती के इस खूबसूरत रिश्ते ने सभी का दिल जीत लिया है. यह पल हमें याद दिलाता है कि जिंदगी के सबसे अनमोल लम्हे वही होते हैं, जिन्हें हम अपने अपनों के साथ खुलकर जीते हैं.
ये भी पढ़ें- खुद को सुपर पावर बताने वाले पाकिस्तान की फिर हुई बेइज्जती, उड़ते वक्त फाइटर जेट का ईंधन टैंक जमीन पर गिरा