सरकार ने हाल ही में एक नए प्रकार के स्कैम को लेकर चेतावनी जारी की है, जिसे साइबर अपराधियों द्वारा USSD कोड्स का उपयोग करके अंजाम दिया जा रहा है. गृह मंत्रालय की साइबर सुरक्षा एजेंसी I4C ने लोगों को इस धोखाधड़ी से बचने के लिए आगाह किया है. इस स्कैम में हैकर्स आपको डिलीवरी एजेंट, कुरियर या किसी अन्य सेवा के नाम पर कॉल करते हैं और आपको कुछ विशेष नंबर डायल करने के लिए कहते हैं. इसके बाद, आपके बैंक खाते से सारी रकम उड़ सकती है. सरकार ने इस मामले में सावधानी बरतने और तुरंत रिपोर्ट करने की सलाह दी है.
क्या है USSD स्कैम और कैसे होता है यह धोखा?
USSD स्कैम एक नया ऑनलाइन धोखाधड़ी का तरीका है, जिसमें हैकर्स आपके फोन पर आने वाली कॉल्स को अपना बनाकर आपके बैंक खाते से पैसे चुरा लेते हैं. USSD यानी Unstructured Supplementary Service Data, एक सेवा है जिसका उपयोग मोबाइल नेटवर्क पर बिना इंटरनेट के कई सुविधाएं लेने के लिए किया जाता है. लेकिन स्कैमर्स इसका गलत इस्तेमाल करते हैं.
हैकर्स आपको एक विशेष USSD कोड डायल करने के लिए कहेंगे, और जैसे ही आप वह कोड डायल करेंगे, आपके फोन की सभी कॉल्स हैकर्स के पास चली जाएंगी. इसके बाद, वे आपको किसी डिलीवरी एजेंट या कुरियर वाले के नाम से कॉल करेंगे और कहेंगे कि नेटवर्क समस्या के कारण आपको नया नंबर डायल करना है.
इन नंबरों को डायल करने से बचें
कुछ खास नंबर हैं जिनसे बचकर रहना जरूरी है, क्योंकि इन नंबरों को डायल करने से आपके मोबाइल नंबर की कॉल्स हैकर्स के पास चली जाएंगी. यह है उन नंबरों की सूची जिन्हें आपको गलती से भी डायल नहीं करना चाहिए:
21 मोबाइल नंबर#
67 मोबाइल नंबर#
61 मोबाइल नंबर#
62 मोबाइल नंबर#
अगर आपने गलती से इनमें से कोई भी नंबर डायल कर लिया है, तो चिंता करने की कोई बात नहीं है. आप तुरंत अपने फोन पर ##002# डायल कर सकते हैं, इससे आपके नंबर पर लगी सभी कॉल फॉरवर्डिंग बंद हो जाएगी.
स्कैम से बचने के लिए क्या करें?
अगर आपने गलती से इन नंबरों को डायल किया है और आपके फोन पर कॉल फॉरवर्डिंग लग गई है, तो ##002# डायल करने के अलावा आपको संचार साथी ऐप या वेबसाइट पर इस मामले की रिपोर्ट भी करनी चाहिए. यदि आप फीचर फोन का उपयोग कर रहे हैं, तो 1930 पर कॉल करके किसी भी तरह के साइबर फ्रॉड को रिपोर्ट किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: क्या OLA-Uber से ज्यादा किफायती है भारत टैक्सी ऐप? यहां पढ़ें इस सवाल का जवाब