देश में एलपीजी गैस की बढ़ती मांग और आपूर्ति संकट के बीच एक नया ऑनलाइन स्कैम सामने आ रहा है. जहां एक ओर लोग गैस सिलेंडर के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर स्कैमर्स इसका फायदा उठाकर लोगों को ठगने में जुटे हैं. साइबर अपराध समन्वय केंद्र CyberDost I4C ने इस खतरनाक स्कैम के प्रति अलर्ट जारी किया है और बताया है कि किस तरह स्कैमर्स लोगों के डर और जल्दबाजी का फायदा उठा रहे हैं.
कैसे फैल रहा है फर्जी एलपीजी बुकिंग स्कैम?
स्कैमर्स गैस सिलेंडर की कमी और लोगों की जरूरत का फायदा उठाकर उन्हें झांसा दे रहे हैं. वे एसएमएस, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के जरिए मैसेज भेजते हैं, जिनमें दावा किया जाता है कि गैस सिलेंडर की भारी कमी हो गई है और अगर तुरंत बुकिंग नहीं की गई तो सिलेंडर नहीं मिलेगा. इसके बाद यूजर को डिस्काउंट का लालच दिया जाता है और एक लिंक भेजा जाता है, जो देखने में बिल्कुल असली वेबसाइट जैसा होता है. इस लिंक पर क्लिक करते ही यूजर को पेमेंट और निजी जानकारी की मांग की जाती है, और यहीं से ठगी की शुरुआत होती है.
वायरस जैसी फैलती जा रही ठगी
स्कैमर्स इस धोखाधड़ी को बहुत ही चालाकी से अंजाम दे रहे हैं. जैसे ही यूजर उस लिंक पर क्लिक करता है, उसे अपनी बैंक डिटेल्स, ओटीपी या एटीएम पिन डालने के लिए कहा जाता है. इसके साथ ही कई मामलों में क्यूआर कोड भी स्कैन करने के लिए कहा जाता है. जैसे ही यूजर यह जानकारी देता है, उसके बैंक अकाउंट से पैसे निकल जाते हैं, लेकिन न तो कोई बुकिंग होती है और न ही सिलेंडर. यह पूरी योजना सिर्फ यूजर का पैसा और निजी जानकारी चुराने के लिए बनाई जाती है.
Fake LPG booking scams से सतर्क रहें।
— CyberDost I4C (@Cyberdost) March 31, 2026
Urgent booking, discount offers या panic messages के माध्यम से scammers लोगों को trap कर रहे हैं - fake links, apps और QR codes के ज़रिए उनसे payment और personal details ली जा रही हैं।#LPGScamAlert #OnlineFraud #CyberSafetyIndia #ScamAware pic.twitter.com/l4UUEhIlo4
इस स्कैम से कैसे बचें?
सरकार ने इस स्कैम से बचने के लिए कुछ आसान और महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं. सबसे पहले, गैस बुकिंग केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म से करें, जैसे कि Indane, HP Gas, और Bharat Gas की वेबसाइट या ऐप. किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और केवल गूगल प्ले स्टोर या ऐपल ऐप स्टोर से ऐप डाउनलोड करें. कभी भी अपनी निजी जानकारी जैसे ओटीपी, पिन या बैंक डिटेल्स किसी के साथ शेयर न करें. अगर आपको किसी मैसेज में कुछ संदिग्ध लगे तो सीधे अपनी गैस एजेंसी से संपर्क करें.
ये भी पढ़ें: iPhone 17 Pro Max खरीदने का बढ़िया मौका, यहां मिल रहा छप्परफाड़ डिस्काउंट, जानिए कितनी होगी बचत