फ्लाइट में इस गैजेट के यूज पर लग सकता है प्रतिबंध, सरकार कर रही बैन की तैयारी, जानें पूरी जानकारी

अगर आप अक्सर फ्लाइट में यात्रा करते हैं तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण हो सकती है. नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) जल्द ही हवाई यात्रा के दौरान पावर बैंक ले जाने या उन्हें फ्लाइट में इस्तेमाल करने पर नए नियम लागू कर सकता है.

Government may ban use of power banks on flights new guidelines in the works
Image Source: Freepik

अगर आप अक्सर फ्लाइट में यात्रा करते हैं तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण हो सकती है. नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) जल्द ही हवाई यात्रा के दौरान पावर बैंक ले जाने या उन्हें फ्लाइट में इस्तेमाल करने पर नए नियम लागू कर सकता है. इसके पीछे प्रमुख वजह हाल ही में हुई कई आगजनी की घटनाएं हैं, जिसमें इंडिगो की एक फ्लाइट भी शामिल रही.

पावर बैंक ने पकड़ ली थी आग

19 अक्टूबर को दिल्ली से दिमापुर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में एक यात्री के पास मौजूद पावर बैंक अचानक आग पकड़ गया. यह घटना इतनी गंभीर मानी गई कि DGCA ने पावर बैंक सुरक्षा के लिए दिशानिर्देश बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी. इसमें फ्लाइट में चार्जिंग पर प्रतिबंध, पावर बैंक की मात्रा और स्टोरेज के नियमों पर विचार किया जा रहा है.

विदेशों के अनुभव को ध्यान में रखा जा रहा

इंडिगो की घटना से पहले एयर चाइना की फ्लाइट को भी पावर बैंक में आग लगने के कारण डायवर्ट करना पड़ा था. कई देशों में इसी तरह की घटनाओं के चलते एयरलाइंस ने पावर बैंक पर नए नियम लागू कर दिए हैं. उदाहरण के लिए, एमिरेट्स एयरलाइन ने फ्लाइट के दौरान पावर बैंक के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है, जबकि सिंगापुर एयरलाइन ने केबिन में USB पोर्ट से चार्जिंग बंद कर दी है.

पावर बैंक स्टोरेज और सुरक्षा दिशानिर्देश

DGCA की तैयारियों में यह देखा जा रहा है कि पावर बैंक को केबिन में कहां रखा जाए—सीट पॉकेट, अंडर-सीट बैगेज या कहीं और. साथ ही पावर बैंक की क्षमता और उसकी विजिबल कैपेसिटी रेटिंग को भी ध्यान में रखा जा रहा है. यह सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा दोनों ही बनी रहें.

यात्रियों पर क्या असर पड़ेगा

नए नियम लागू होने के बाद यात्रियों को फ्लाइट में अपने पावर बैंक के इस्तेमाल में सावधानी बरतनी पड़ेगी. संभव है कि चार्जिंग पूरी तरह से प्रतिबंधित हो या पावर बैंक केवल हैंड बैग में स्टोर किया जा सके. हालांकि, DGCA यात्रियों की इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर निर्भरता को भी ध्यान में रखते हुए नियमों को तैयार कर रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर समस्या न हो.

ये भी पढ़ें: iPhone 19 क्यों लॉन्च नहीं करेगी Apple? सामने आ गई वजह, 2027 में 20वीं सालगिरह पर मिलेगा बड़ा गिफ्ट