Mukhyamantri Kanya Utthan Yojana: बिहार के अलग-अलग विश्वविद्यालयों से स्नातक पास करने वाली करीब डेढ़ लाख छात्राओं को जल्द ही प्रोत्साहन राशि मिलने वाली है. उच्च शिक्षा विभाग ने दिसंबर 2025 तक स्नातक पास छात्राओं के आंकड़ों की जांच पूरी कर ली है. जांच के दौरान 2,234 छात्राओं का डेटा अधूरा मिला है.
संबंधित विश्वविद्यालयों को इसे एक सप्ताह के अंदर ठीक करने का निर्देश दिया गया है. मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत पात्र छात्राओं को 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. यह पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजा जाएगा. इसके लिए वित्त विभाग ने राशि की मंजूरी भी दे दी है.
10 सितंबर तक खाते में आएंगे पैसे
उच्च शिक्षा निदेशालय ने 17 विश्वविद्यालयों से मिले छात्राओं के आंकड़ों का सत्यापन किया है. विभाग की योजना है कि 10 सितंबर तक सभी पात्र छात्राओं के बैंक खातों में प्रोत्साहन राशि भेज दी जाए. उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. एनके अग्रवाल के मुताबिक, मुख्यमंत्री बालिका (स्नातक) प्रोत्साहन योजना के तहत स्नातक पास छात्राओं को 50 हजार रुपये देने का प्रावधान है.
इन विश्वविद्यालयों की छात्राएं शामिल
इस योजना के लिए पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना विश्वविद्यालय, बीएन मंडल विश्वविद्यालय, बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, जयप्रकाश विश्वविद्यालय और ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की छात्राओं का डेटा लिया गया है.
इसके अलावा मुंगेर विश्वविद्यालय, पूर्णिया विश्वविद्यालय, तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय और मगध विश्वविद्यालय की छात्राएं भी इसमें शामिल हैं.
मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय, नालंदा खुला विश्वविद्यालय, आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय, चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय और चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान से स्नातक पास छात्राओं का डेटा भी योजना के लिए शामिल किया गया है.
ये भी पढ़ें- नेपाल की बाढ़ में 105 भारतीय लापता, 31 मानसरोवर यात्री भी शामिल, हेल्पलाइन नंबर जारी