ऑनलाइन शॉपिंग और डिजिटल कारोबार के बढ़ते दौर में अब एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर लोग कारोबार से जुड़ी जानकारी और सामान तलाशते हैं, वहां खतरनाक विस्फोटक पदार्थों की बिक्री से संबंधित लिस्टिंग भी मौजूद थीं. केंद्र सरकार के केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए सात ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से कुल 3,940 विक्रेताओं की लिस्टिंग हटवाई है.
इन 7 ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर हुई कार्रवाई
CCPA की कार्रवाई के दायरे में IndiaMART, TradeIndia, Justdial, Dial4Trade, ExportersIndia, Sigma-Aldrich India और Ibuychemikals शामिल हैं. सरकारी जानकारी के मुताबिक, IndiaMART पर सबसे अधिक 3,092 विक्रेताओं की लिस्टिंग सामने आईं. वहीं ExportersIndia से 421, Justdial से 206, TradeIndia से 166 और Dial4Trade से 11 लिस्टिंग हटाई गईं. बाकी दो प्लेटफॉर्म ने बताया कि वे अपने उत्पाद बेचते हैं और तीसरे पक्ष के विक्रेताओं की लिस्टिंग नहीं करते.
तीन मामलों में लगा 30 लाख रुपये का जुर्माना
इस मामले में CCPA ने अब तक तीन मामलों में अंतिम आदेश जारी किए हैं. Dial4Trade पर अमोनियम नाइट्रेट की बिक्री से संबंधित मामले में 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. वहीं ExportersIndia पर दो अलग-अलग मामलों में 10-10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, जिनमें अमोनियम नाइट्रेट, PETN और पिक्रिक एसिड की ऑनलाइन लिस्टिंग से जुड़े मामले शामिल हैं. Dial4Trade की अपील को राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने 9 अक्टूबर 2026 को खारिज कर दिया था. दूसरी ओर, ExportersIndia ने जुर्माने के आदेशों के खिलाफ अपील दायर की है.
IndiaMART और Justdial पर जांच जारी
CCPA की कार्रवाई अभी पूरी नहीं हुई है. IndiaMART और Justdial से जुड़े मामलों में जांच के बाद कंपनियों को रिपोर्ट दी जा चुकी है और उनके जवाब भी प्राप्त हुए हैं. IndiaMART ने CCPA के नोटिस को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है, जबकि Justdial के मामले में अगली और अंतिम सुनवाई 23 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है. अन्य संबंधित प्लेटफॉर्म के मामलों में भी नियामकीय प्रक्रिया जारी है. ऐसे में आने वाले दिनों में इस मामले में और कार्रवाई देखने को मिल सकती है.
विस्फोटकों की ऑनलाइन बिक्री पर क्या हैं नियम?
अमोनियम नाइट्रेट, गन पाउडर, पिक्रिक एसिड और PETN जैसे पदार्थों की खरीद-बिक्री पर कानून के तहत नियंत्रण है. इनके वैध कारोबार के लिए निर्धारित लाइसेंस जरूरी हैं. ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से भी अपेक्षा की जाती है कि वे विक्रेताओं के वैध लाइसेंस की जानकारी उपलब्ध कराएं और खरीदारों की पहचान व लाइसेंस की जांच सुनिश्चित करें. CCPA ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर विस्फोटकों की बिक्री से जुड़ी संदिग्ध लिस्टिंग दिखाई देती है, तो इसकी शिकायत राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 1915 पर की जा सकती है.
ये भी पढ़ें: Airtel के 3 नए रिचार्ज प्लान लॉन्च, ₹185 से शुरू कीमत, बिना डेटा के मिलेगी अनलिमिटेड कॉलिंग!