Hardeep Nijjar Murder Case: भगोड़े गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने कनाडा में खालिस्तानी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. निज्जर की हत्या के करीब तीन साल बाद सोशल मीडिया पर सामने आए एक ऑडियो में बराड़ कथित तौर पर कह रहा है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया था. उसका दावा है कि निज्जर को इसलिए मारा गया क्योंकि वह युवाओं और नाबालिगों का इस्तेमाल ड्रग्स बेचने के लिए करता था.
पंजाब के फरीदकोट का रहने वाला सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ इस ऑडियो में खालिस्तानी आतंकी परमजीत सिंह पम्मा से बात करता सुनाई दे रहा है. बातचीत में वह निज्जर के ड्रग्स के कारोबार और युवाओं के इस्तेमाल को लेकर नाराजगी की बात कर रहा है. हालांकि, इस ऑडियो की सच्चाई की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
युवाओं को ड्रग्स के धंधे में लगाने का आरोप
ऑडियो में बराड़ कथित तौर पर कहता है कि कुछ लोग 16-17 साल के बच्चों को ड्रग्स बेचने के लिए मजबूर करते थे. युवाओं को ब्लैकमेल कर उनसे ड्रग्स बिकवाने और मुखबिरी कराने का भी आरोप लगाया गया है.
बराड़ का दावा है कि निज्जर ऐसे लोगों का समर्थन करता था, ताकि जरूरत पड़ने पर उनका इस्तेमाल किया जा सके. उसका कहना है कि निज्जर हो या कोई और, हर व्यक्ति को अपने किए का नतीजा भुगतना पड़ता है.
लंबे समय से फरार है गोल्डी बराड़
गोल्डी बराड़ लंबे समय से फरार चल रहा है. उसके कनाडा या अमेरिका में होने की खबरें समय-समय पर सामने आती रही हैं. वह भारत में कई आपराधिक मामलों में वांछित है.
यह ऑडियो ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) ने बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले को 50 हजार डॉलर का इनाम देने का ऐलान किया है. अमेरिका उसे लॉरेंस बिश्नोई के संगठित अपराध गिरोह से जुड़े मामलों में तलाश रहा है.
कनाडा में हुई थी निज्जर की हत्या
हरदीप सिंह निज्जर की जून 2023 में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में एक गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस हत्याकांड के बाद भारत और कनाडा के रिश्तों में बड़ा तनाव पैदा हो गया था.
कनाडा के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने हत्या में भारतीय सरकारी अधिकारियों के शामिल होने का आरोप लगाया था. भारत ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कड़ा विरोध जताया था.
पिछले महीने लॉस एंजिल्स में सामने आए अमेरिकी संघीय अभियोग में दावा किया गया कि जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने कथित तौर पर निज्जर की हत्या का आदेश दिया था. अमेरिका ने इस मामले में बिश्नोई और गोल्डी बराड़ पर भी आरोप लगाए हैं.
गोल्डी बराड़ 2017 में छात्र वीजा पर कनाडा गया था. भारत में उस पर कई मामले दर्ज हैं. इनमें पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मामला भी शामिल है.
ये भी पढ़ें- LAC से लेकर जिनपिंग के भारत दौरे तक... अजीत डोभाल का चीन दौरा क्यों अहम, किन मुद्दों पर होगा बात?