SS RAJAMOULI On Varanasi: साउथ के मशहूर डायरेक्टर एस.एस. राजामौली इन दिनों अपनी अगली फिल्म ‘वाराणसी’ पर काम कर रहे हैं. इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा भी नजर आएंगी, जो काफी समय बाद भारतीय फिल्मों में वापसी कर रही हैं. फिल्म की शूटिंग अभी हैदराबाद में चल रही है. वहीं मेकर्स फिल्म को इंटरनेशनल लेवल पर प्रमोट करने की तैयारी भी कर रहे हैं.
हाल ही में राजामौली ने एक विदेशी मीडिया वेबसाइट को इंटरव्यू दिया. उन्होंने बताया कि उनकी आने वाली फिल्म में कई कहानियां एक साथ दिखाई जाएंगी. इसमें रामायण से जुड़े कुछ हिस्से भी दिखाए जाएंगे.
राजामौली ने बताया कि उनकी ज्यादातर फिल्में भारतीय ग्रंथों जैसे रामायण और महाभारत से प्रेरित रहती हैं. इस फिल्म में उन्हें पहली बार मौका मिला कि वे रामायण का एक पूरा भाग बड़े पैमाने पर दिखा सकें. यह सीन कई छोटे-छोटे हिस्सों में बना है, लेकिन फिल्म में मिलाकर यह करीब 25 मिनट का एक बड़ा सीन होगा.
शूटिंग में क्यों आई ज्यादा दिक्कत?
राजामौली ने बताया कि रामायण से जुड़े इन सीन को शूट करना सबसे ज्यादा मुश्किल था. हर छोटे सीन में अलग तरह की तैयारी करनी पड़ी. कहीं तकनीकी परेशानी थी तो कहीं क्रिएटिव चैलेंज. उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा था जैसे हर हिस्से के लिए एक नई फिल्म बनाई जा रही हो. इस पूरे सीन को शूट करने में करीब 60 दिन लगे. डायरेक्टर के मुताबिक, यह फिल्म का सबसे मेहनत वाला लेकिन सबसे यादगार हिस्सा बनने वाला है.
महेश बाबू को राम के रूप में देखकर भावुक हुए राजामौली
राजामौली ने बताया कि जब उन्होंने महेश बाबू को भगवान राम के रूप में देखा तो उन्हें बहुत भावुक महसूस हुआ. उनके रोंगटे खड़े हो गए. फिल्म में महेश बाबू का किरदार रूद्रा नाम का होगा, जो दुनिया भर में घूमता है और अलग-अलग समय में यात्रा करता है. इस फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन विलेन की भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म को 7 अप्रैल को दुनियाभर में IMAX में रिलीज करने की तैयारी है.
ये भी पढ़ें- कौन हैं यूट्यूबर नितीश राजपूत, जिनपर इस कंपनी ने किया मानहानि केस? SSC से जुड़ा है मामला