Nitish Rajput SSC Controversy: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की परीक्षा प्रक्रिया को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. SSC की परीक्षाएं कराने वाली कंपनी Eduquity Technologies Pvt. Ltd. ने यूट्यूबर नितीश राजपूत के खिलाफ दिल्ली की एक अदालत में 2.5 करोड़ रुपये का मानहानि केस दर्ज कराया है.
नितीश राजपूत ने अपने एक यूट्यूब वीडियो में SSC की टेंडर प्रक्रिया और परीक्षा कराने वाली कंपनी के चयन पर सवाल उठाए थे. उन्होंने आरटीआई से मिली जानकारी और कुछ दस्तावेजों के आधार पर बताया कि नियमों में बदलाव किए गए हैं और परीक्षा संचालन में कई दिक्कतें सामने आई हैं. उनके मुताबिक, इन बातों से परीक्षा की निष्पक्षता पर असर पड़ सकता है.
कंपनी का आरोप क्या है?
Eduquity Technologies का कहना है कि नितीश राजपूत के वीडियो में कई बातें गलत और भ्रामक हैं. कंपनी का आरोप है कि इससे उसकी छवि को नुकसान पहुंचा है. इसी वजह से कंपनी ने कोर्ट से मुआवजा देने और वीडियो हटवाने की मांग की है.
नितीश राजपूत का जवाब
नितीश राजपूत ने वीडियो हटाने से साफ इनकार कर दिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका कहना है कि उन्होंने जो जानकारी दी है, वह सार्वजनिक रिकॉर्ड और आरटीआई के जवाबों पर आधारित है. उनका यह भी कहना है कि वीडियो में SSC परीक्षाओं से जुड़े उम्मीदवारों की समस्याएं और चिंताएं सामने रखी गई हैं.
नितीश राजपूत की नेटवर्थ
नितीश राजपूत की संपत्ति को लेकर कोई पक्की जानकारी नहीं है. कुछ वेबसाइट्स के अनुमान के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति करीब 80 करोड़ से 120 करोड़ रुपये के बीच बताई जाती है.
ये भी पढ़ें- पढ़ाई या पैशन किसे फॉलो करें? 'परीक्षा पे चर्चा' में पीएम मोदी ने दिया गुरु मंत्र, देखें VIDEO