सोशल मीडिया की तेज़ रफ्तार दुनिया कभी किसी को रातों-रात स्टार बना देती है, तो कभी उसी पल इंसान को मुश्किलों में भी धकेल देती है. हाल ही में कुछ ऐसा ही अनुभव किया एक्ट्रेस गिरिजा ओक गोडबोले ने, जो ‘जवान’ और ‘तारे ज़मीन पर’ जैसी फिल्मों से अपनी पहचान बना चुकी हैं.
बीते दिनों उनके एक इंटरव्यू का छोटा सा क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और लोगों ने उन पर प्यार की बरसात कर दी. उनकी सहजता, मुस्कान और सरल अंदाज़ ने नेटिज़न्स को दीवाना बना दिया. लेकिन यह बढ़ती लोकप्रियता उनके लिए खुशी के साथ-साथ एक बड़ी परेशानी भी लेकर आई.
सोशल मीडिया पर प्यार के बीच मिला दर्द
गिरिजा ओक ने एक वीडियो जारी कर बताया कि अचानक मिली यह पहचान उनके लिए बहुत खास है. वह अपने फैंस की आभारी हैं, जिन्होंने उन्हें प्यार और सम्मान दिया. लेकिन इसी के साथ उन्होंने यह भी बताया कि उनके नाम पर कुछ लोग अश्लील और मॉर्फ्ड एआई फोटोज वायरल कर रहे हैं, जिसने उन्हें बेहद आहत किया है. वीडियो में गिरिजा अपनी तकलीफ जताते हुए कहती हैं कि ये फेक फोटोज देखकर उन्हें असहजता महसूस हो रही है और उन्हें इस बात का डर है कि कहीं उनका छोटा बेटा भी इन्हें न देख ले. वह भावुक होकर कहती हैं, “AI से बनाई गई मेरी कुछ तस्वीरें बिल्कुल गलत और परेशान करने वाली हैं. इन्हें देखकर मैं डरी हुई हूं… मुझे परेशानी हो रही है.”
मॉर्फ्ड फोटोज पर गिरिजा की कड़ी प्रतिक्रिया
एक्ट्रेस आगे बताती हैं कि वह सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती हैं और जानती हैं कि वह क्या पोस्ट करती हैं, लेकिन वायरल कंटेंट के नाम पर फेक चीजें फैलाना एक बेहद गलत चलन बन चुका है. मॉर्फ्ड फोटोज और फेक अकाउंट्स बनाने वाले लोगों को लेकर उन्होंने साफ कहा कि ऐसे लोग व्यूज़ और लाइक्स के लिए किसी की भी इमेज से खेल जाते हैं, जिसका गहरा असर उस व्यक्ति की निजी ज़िंदगी पर पड़ता है. गिरिजा कहती हैं कि वह समझती हैं कि यह ‘गेम’ कैसे चलता है, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटनाएं दिल तोड़ देती हैं.
गुलशन देवैया आए समर्थन में
फेक फोटोज और फर्जी प्रोफाइल्स के इस मुद्दे पर एक्ट्रेस के साथ काम कर चुके एक्टर गुलशन देवैया भी खुलकर उनके समर्थन में उतर आए. अपनी आगामी वेब सीरीज़ ‘थेरेपी शेरेपी’ में गिरिजा के साथ दिखने वाले गुलशन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए उन लोगों की आलोचना की जो गिरिजा की लोकप्रियता का ग़लत फायदा उठा रहे थे. गुलशन ने एक्स पर लिखा कि कुछ लोग उनके नाम से फेक अकाउंट बनाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं. साथ ही उन्होंने गिरिजा के असली अकाउंट का लिंक भी शेयर किया, ताकि लोग सही प्रोफाइल को पहचान सकें.
यह भी पढ़ें: क्रिकेटर दीपक चाहर की बहन की सेक्सुअलिटी पर उठाए सवाल, सोशल मीडिया पर हुईं बुरी तरह ट्रोल