Ghaziabad Surya Murder Case: गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या की हत्या के बाद हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं. घटना के दूसरे दिन भी क्षेत्र में आक्रोश का माहौल देखने को मिला. कई बाजार बंद रहे, जबकि विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मृतक के परिवार से मिलने और समर्थन जताने के लिए पहुंचे.
इलाके में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है. वहीं, हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी के खोड़ा पहुंचने की सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें एहतियातन घर में नजरबंद कर दिया.
बाइक को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह एक नई बाइक को लेकर हुआ विवाद था. बताया जा रहा है कि आरोपी असद ने हाल ही में नई बाइक खरीदी थी. सूर्या ने उससे बाइक चलाने के लिए मांगी, लेकिन मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई.
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर सूर्या पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल छात्र की मौत हो गई. मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है.
शव पहुंचते ही फूटा परिजनों का गुस्सा
पोस्टमार्टम के बाद जब दोपहर करीब दो बजे सूर्या का शव घर पहुंचा तो परिवार और स्थानीय लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया. परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए उनके एनकाउंटर और घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई.
परिवार का कहना है कि जब तक आरोपियों का एनकाउंटर नहीं होता, तब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा. एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई थानों की अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.
ये भी पढ़ें: गाजियाबाद के सूर्या मर्डर केस में पुलिस का बड़ा एक्शन, तीन आरोपी पर कसा शिकंजा, जांच जारी