अधिकारों से समझौता नहीं करेंगे... शांति वार्ता के बीच ईरान ने ट्रंप को दी चेतावनी, बातचीत पर दुनिया की नजर

Iran US Peace Talks: ईरान और अमेरिका के बीच चल रही बातचीत के बीच ईरान की ओर से बड़ा बयान सामने आया है. ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकिर गालिबाफ ने कहा है कि उनका देश ऐसा कोई समझौता स्वीकार नहीं करेगा, जिसमें ईरानी लोगों के अधिकार सुरक्षित न हों.

geopolitics Iran warns Trump America amid peace talks world eyes on talks
Image Source: Social Media

Iran US Peace Talks: ईरान और अमेरिका के बीच चल रही बातचीत के बीच ईरान की ओर से बड़ा बयान सामने आया है. ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकिर गालिबाफ ने कहा है कि उनका देश ऐसा कोई समझौता स्वीकार नहीं करेगा, जिसमें ईरानी लोगों के अधिकार सुरक्षित न हों.

हाल ही में मोहम्मद बाकिर गालिबाफ को फिर से ईरान की संसद का स्पीकर चुना गया है. इस मौके पर उन्होंने कहा कि ईरान सिर्फ वादों पर भरोसा नहीं करेगा. उनके मुताबिक, किसी भी समझौते का मूल्यांकन उसके वास्तविक परिणामों के आधार पर किया जाएगा.

ट्रंप बोले- समझौते के करीब हैं दोनों देश

दूसरी तरफ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है. उनका दावा है कि दोनों देश एक अच्छे समझौते के काफी करीब पहुंच चुके हैं. हालांकि ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर बातचीत से अमेरिका की अपेक्षाएं पूरी नहीं होती हैं, तो वह दूसरे विकल्पों पर भी विचार कर सकता है.

ईरानी अच्छे वार्ताकार हैं: ट्रंप

एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि ईरान के लोग बातचीत करने में माहिर हैं. उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा स्थिति में अमेरिका मजबूत स्थिति में है और उसे उम्मीद है कि बातचीत के जरिए समाधान निकल सकता है.

फरवरी से बढ़ा था तनाव

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव पिछले कई महीनों से बना हुआ है. दोनों देशों के बीच हालात तब ज्यादा खराब हो गए थे, जब क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां बढ़ीं और कई हमले हुए. इसके बाद मध्य पूर्व में तनाव बढ़ गया और हालात युद्ध जैसे हो गए थे. फिलहाल दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है और संघर्ष विराम लागू है.

गैस उत्पादन फिर शुरू

इस बीच खबर है कि ईरान ने दक्षिण पार्स गैस क्षेत्र के तीन ऑफशोर प्लेटफॉर्म पर गैस उत्पादन दोबारा शुरू कर दिया है. कुछ समय पहले क्षेत्र में हुए हमलों के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ था. अब उत्पादन शुरू होने से ऊर्जा क्षेत्र को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

बातचीत पर टिकी दुनिया की नजर

अमेरिका और ईरान के बीच चल रही वार्ता पर पूरी दुनिया की नजर है. दोनों देशों के बीच होने वाला कोई भी समझौता मध्य पूर्व की स्थिति और वैश्विक ऊर्जा बाजार पर बड़ा असर डाल सकता है.

ये भी पढ़ें- पेरिस में जश्न के बीच आगजनी और झड़पें, सड़कों पर पसरा तनाव, जानें क्यों हिंसा के चपेट में आया शहर