गौतम गंभीर भारत लौटे, मां की तबीयत बिगड़ने के चलते बीच में छोड़ा इंग्लैंड दौरा

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर को एक पारिवारिक आपात स्थिति के चलते इंग्लैंड दौरा बीच में छोड़कर भारत लौटना पड़ा है.

Gautam Gambhir returned to India left England tour midway
गौतम गंभीर | Photo: ANI

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर को एक पारिवारिक आपात स्थिति के चलते इंग्लैंड दौरा बीच में छोड़कर भारत लौटना पड़ा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी मां सीमा गंभीर की तबीयत अचानक बिगड़ गई और 11 जून को उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती कराया गया. फिलहाल डॉक्टरों की एक टीम उनकी हालत पर बारीकी से नजर रख रही है.

अब यह देखा जाना बाकी है कि वे टीम इंडिया के साथ फिर कब जुड़ पाएंगे. संभावना जताई जा रही है कि यदि स्थिति सामान्य रहती है तो वो 17 जून तक दोबारा टीम को जॉइन कर सकते हैं.

टीम इंडिया की तैयारियों पर असर?

टीम इंडिया को 13 से 16 जून के बीच एक इंट्रा स्क्वॉड मैच खेलना है, जो इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ की तैयारियों का अहम हिस्सा माना जा रहा है. इस मैच का उद्देश्य फॉर्म और संयोजन की परख करना है—जो आमतौर पर हेड कोच के नेतृत्व में होता है.

गंभीर की गैरहाज़िरी में यह ज़िम्मेदारी अब सहायक कोचिंग स्टाफ को निभानी होगी. यह दौरा टीम इंडिया के लिए विशेष है, क्योंकि टीम युवा खिलाड़ियों और एक नए कप्तान के नेतृत्व में इंग्लैंड पहुंची है. ऐसे में गंभीर जैसा अनुभवी मार्गदर्शक टीम के आत्मविश्वास को मज़बूती देने वाला साबित हो सकता है.

20 जून से शुरू होगी टेस्ट सीरीज

भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट मैच 20 जून से हेडिंग्ले, लीड्स में खेला जाएगा. माना जा रहा है कि गंभीर समय रहते टीम से दोबारा जुड़ सकते हैं, ताकि खिलाड़ियों के साथ रणनीतिक और मानसिक तैयारी पूरी की जा सके.

ये भी पढ़ेंः RAAM, SOUFA और ADIR... इजरायल के वो फाइटर जेट, जिसने ईरान में लिख दी तबाही की कहानी; दहल गया पूरा देश