नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र अध्यक्ष रौनक खत्री को धमकाने का मामला सामने आया है. गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर उनसे 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है. धमकी न मानने पर जान से मारने की चेतावनी भी दी गई. पुलिस इस गंभीर मामले की जांच कर रही है और पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या सच में यह गैंगस्टर का ही काम है या किसी अन्य कारण से यह घटना हुई है.
धमकी देने वाले विदेश नंबर से कर रहे संपर्क
रौनक खत्री को एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप पर लगातार मैसेज और कॉल आ रही थीं. जब उन्होंने रिप्लाई नहीं दिया, तो धमकियां और भी बढ़ गईं. सोशल मीडिया पर इन मैसेज की तस्वीरें भी वायरल हो गईं, जिससे मामले ने तूल पकड़ लिया. मैसेज में लिखा था- रौनक खत्री, बहुत हो गई नेतागिरी. 5 करोड़ देने की तैयारी कर ले. या फिर मरने के लिए तैयार हो जा. जब रिप्लाई नहीं दिया गया तो मैसेज में लिखा- कब तक फोन नहीं उठाएगा. अब देखना गोली कैसे आएगी. 5 करोड़ से कम का समझौता नहीं हो सकता. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों को खोजने में जुट गई है.
रौनक खत्री: दिल्ली यूनिवर्सिटी के ‘मटका मैन’
रौनक खत्री दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्र राजनीति के सक्रिय चेहरे हैं. वे 2024-25 में DUSU के अध्यक्ष रह चुके हैं और NSUI के सदस्य हैं. उनकी पहचान ‘मटका मैन’ के रूप में हुई, क्योंकि उन्होंने पानी की समस्या को हल कराने के लिए कैंपस में पानी के मटके लगवाए थे.
छात्र राजनीति में रौनक की धमाकेदार वापसी
रौनक ने अगस्त 2024 में NSUI जॉइन किया था और एक माह बाद छात्र संघ चुनाव जीतकर अध्यक्ष बने. उन्होंने ABVP के उम्मीदवार को 1300 वोटों के अंतर से हराया था. यह NSUI की 7 साल बाद DUSU में वापसी थी, और लगभग 1.75 लाख छात्रों ने इस चुनाव में हिस्सा लिया था.
विवादों से घिरा रहा रौनक का राजनीतिक सफर
रौनक का छात्र राजनीति से जुड़ा नाम विवादों से भी रहा है. मार्च 2025 में SRCC के प्रोफेसरों से उनका विवाद हुआ था, जिसमें वे क्लाउन कहे गए. वहीं, सितंबर 2025 में DUSU चुनाव के दौरान ABVP ने उन पर कालेधन और हिंसा का आरोप लगाया. रौनक ने इन आरोपों को खारिज करते हुए ABVP पर वोट मशीन में छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया. इसी महीने उन्होंने हाई कोर्ट में वोट चोरी की याचिका भी दायर की थी.
ये भी पढ़ें: दिल्ली BJP को मिला नया ऑफिस, PM मोदी ने किया उद्घाटन, कहा - यह हमारे लिए इमारत नहीं, देवालय...