स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले राजधानी दिल्ली में बम धमाके की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है. दिल्ली हाई कोर्ट को ई-मेल के जरिए धमकी मिलने के बाद परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और बम निरोधक दस्तों ने तलाशी अभियान शुरू किया. धमकी में दिल्ली को खालिस्तान बनाने की बात लिखी गई है और 15 अगस्त को धमाके का दावा किया गया है. हालांकि, शुरुआती जांच में अब तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है.
ई-मेल में हाई कोर्ट और लाल किले को निशाना बनाने का दावा
धमकी भरे ई-मेल के विषय में “BOMB Blast Delhi High Court @ 2:11PM” लिखा गया है. संदेश में दावा किया गया है कि 15 अगस्त को धमाका किया जाएगा. ई-मेल में दिल्ली हाई कोर्ट पर सिखों से जुड़े मामलों में न्याय नहीं करने का आरोप लगाया गया है और 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामलों का भी जिक्र किया गया है. इसके अलावा लाल किले, दिल्ली की जिला अदालतों और दिल्ली से अंबाला जाने वाली ट्रेन को निशाना बनाने की धमकी दी गई है. ई-मेल में खाकी वर्दी पहने लोगों के धमाके को अंजाम देने के लिए आने का भी दावा किया गया है.
छह जगहों को निशाना बनाने की धमकी
धमकी में दिल्ली की कई महत्वपूर्ण जगहों के नाम भी लिखे गए हैं. इनमें जाम नगर हाउस, दिल्ली हाई कोर्ट, झंडेवालान बिल्डिंग, साकेत ऑफिस, आईजीआई एयरपोर्ट का टर्मिनल-3 और दिल्ली कैंट स्थित एसडीएम कार्यालय शामिल हैं. इसके अलावा मेट्रो को लेकर भी धमकी दी गई है. संदेश में यह दावा किया गया है कि खालिस्तान समर्थक लोग दिल्ली पहुंच चुके हैं और ट्रेन को निशाना बनाया जा सकता है.
मौके पर फायर गाड़ियां और बम निरोधक दस्ते, जांच जारी
धमकी मिलने के बाद संबंधित स्थानों पर सुरक्षा जांच तेज कर दी गई है. सभी कॉल पर फायर गाड़ियां भी मौके पर पहुंची हैं और सुरक्षा एजेंसियां संभावित खतरे को देखते हुए तलाशी अभियान चला रही हैं. फिलहाल की जांच में किसी विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है. एजेंसियां ई-मेल की सत्यता, इसे भेजने वाले और धमकी के पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटी हैं. स्वतंत्रता दिवस से पहले मिले इस संदेश को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है.
ये भी पढ़ें: अचानक बिगड़ी जेपी नड्डा की तबीयत, AIIMS में हुए भर्ती, जानिए डॉक्टरों ने क्या बताया?