अब दिल्ली में सिर्फ 5 रुपये में मिलेगा भरपेट खाना, सीएम रेखा गुप्ता ने शुरू की 100 अटल कैंटीन; जानें मेन्यू

Atal Canteens Delhi: दिल्ली सरकार ने जरूरतमंदों के लिए एक बड़ी राहत भरी पहल की है. पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर राजधानी में एक साथ 100 अटल कैंटीन शुरू की गई हैं.

full meal in Delhi for just Rs 5 CM Rekha Gupta started 100 Atal canteens
Image Source: Social Media

Atal Canteens Delhi: दिल्ली सरकार ने जरूरतमंदों के लिए एक बड़ी राहत भरी पहल की है. पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर राजधानी में एक साथ 100 अटल कैंटीन शुरू की गई हैं. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में शुरू हुई इस योजना का उद्देश्य है, कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे और सभी को सम्मान के साथ पौष्टिक भोजन मिले.

अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर शुरू हुई इस योजना के तहत गरीबों, मजदूरों और कम आय वाले परिवारों को मात्र 5 रुपये में पौष्टिक भोजन मिलेगा.
एक थाली में करीब 600 ग्राम खाना दिया जाएगा, जिसमें दाल, चावल, चार रोटियां, एक सब्जी और आचार शामिल हैं. सरकार का दावा है कि यह भोजन न केवल सस्ता, बल्कि पोषण से भरपूर और घर जैसा होगा.

“अटल कैंटीन बनेगी दिल्ली की आत्मा”

कैंटीन के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अटल कैंटीन दिल्ली की आत्मा बन जाएगी. उन्होंने कहा, “यह एक ऐसी पहल है, जहां कोई भी भूखा नहीं सोएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के विजन से प्रेरित होकर हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि दिल्ली ऐसी राजधानी बने, जहां भोजन सम्मान के साथ मिले.”

पहले चरण में 45 जगहों पर शुरुआत

पहले चरण में राजधानी के 45 इलाकों में अटल कैंटीन शुरू की गई हैं. इनमें प्रमुख रूप से नरेला, बवाना, आदर्श नगर, शालीमार बाग, वजीरपुर, तिमारपुर, शकूरबस्ती, मंगोलपुरी, राजौरी गार्डन, मादीपुर और शकूरपुर शामिल हैं. शेष 55 अटल कैंटीन आने वाले कुछ दिनों में शुरू की जाएंगी.

खाने का समय:

  • दोपहर का भोजन: 11 बजे से 4 बजे तक
  • रात का भोजन: शाम 6:30 बजे से 9:30 बजे तक

डिजिटल टोकन से मिलेगा खाना, CCTV से निगरानी

पारदर्शिता और व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली सरकार ने डिजिटल टोकन सिस्टम लागू किया है. अब मैनुअल कूपन की जगह डिजिटल माध्यम से भोजन वितरित किया जाएगा. सभी कैंटीनों पर लगे CCTV कैमरों की निगरानी दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (DUSIB) के डिजिटल प्लेटफॉर्म से रियल टाइम में की जाएगी.

राहत, सम्मान और व्यवस्था, तीनों पर जोर

अटल कैंटीन योजना सिर्फ भोजन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गरीब और जरूरतमंद लोगों को सम्मान, सुविधा और भरोसे के साथ खाने का अधिकार देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है. दिल्ली सरकार की यह पहल राजधानी के सामाजिक ढांचे में एक अहम बदलाव के रूप में देखी जा रही है.

यह भी पढ़ें- इश्क का पागलपन! कपड़े के गुड्डे से इस महिला ने रचाई शादी, अब चौथे बच्चे की बनने वाली है मां