MP के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, नितिन गडकरी ने दी 4400 करोड़ की 8 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात

मध्य प्रदेश में विकास की रफ्तार और बढ़ने वाली है, क्योंकि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मिलकर 4400 करोड़ रुपये से ज्यादा लागत की 8 नई सड़क परियोजनाओं और 3 ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर का उद्घाटन और शिलान्यास किया है.

Foundation stone laid for 8 National Highway projects worth ₹4400 crore in Madhya Pradesh
Image Source: Social Media

मध्य प्रदेश में विकास की रफ्तार और बढ़ने वाली है, क्योंकि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मिलकर 4400 करोड़ रुपये से ज्यादा लागत की 8 नई सड़क परियोजनाओं और 3 ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर का उद्घाटन और शिलान्यास किया है. इन परियोजनाओं से राज्य में न केवल सड़क नेटवर्क बेहतर होगा, बल्कि उद्योग, व्यापार और कृषि के विकास को भी एक नई दिशा मिलेगी. ये परियोजनाएं मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में मजबूती से शामिल करने का प्रयास हैं.

मध्यप्रदेश बनेगा समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य

केंद्रीय सड़क मंत्री नितिन गडकरी ने इस मौके पर बड़ी घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हमारे लिए सिर्फ एक सपना नहीं, बल्कि एक संकल्प है और इस संकल्प को पूरा करने के लिए पूरा देश एकजुट और एकमत होकर काम कर रहा है. हम सब मिलकर 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाएंगे. देश के समग्र विकास के इस महायज्ञ में सबसे बड़ी भूमिका मध्यप्रदेश की ही होगी. उन्होंने कहा कि सही नेतृत्व और समर्पित सरकार से कदमताल कर हम मध्यप्रदेश को एक प्रगतिशील, समृद्ध और सम्पन्न राज्य बनाएंगे. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज मध्यप्रदेश में 1 लाख करोड़ रुपये लागत की सड़क और राजमार्ग विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है. प्रदेश में अभी 2 लाख करोड़ रुपये की लागत के अनेक काम चल रहे हैं. मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में यहां उद्योग आएंगे, व्यापार बढ़ेगा, निर्यात बढ़ेगा. युवाओं को रोजगार मिलेगा और मध्यप्रदेश एक प्रगतिशील, समृद्ध और सम्पन्न प्रदेश बनेगा. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के विकास के लिए सड़क परिवहन मंत्रालय कोई कमी नहीं रखेगा. मध्यप्रदेश में बहुतायत में हाईवे नेटवर्क तैयार किया जाएगा.

रायसेन में मेडिकल कॉलेज और अन्य विकास योजनाएं

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस अवसर पर रायसेन में मेडिकल कॉलेज की घोषणा की. उन्होंने बताया कि जल्द ही रायसेन मेडिकल कॉलेज की सभी प्रक्रियाएं शुरू कर दी जाएंगी. इसके साथ ही, उन्होंने राज्य में विकास की गति को और तेज करने का वादा किया. राज्य को उच्च गुणवत्ता वाली सड़कें और बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए गडकरी के साथ मिलकर कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम किया जा रहा है.

केंद्रीय मंत्री गडकरी की अहम घोषणाएं

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मध्यप्रदेश के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिनमें 16,000 करोड़ रुपये की लागत से सागर-विदिशा-कोटा तक एक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण, नसरुल्लागंज-बुधनी रोड को 4 लेन बनाने और विदिशा में 4000 करोड़ रुपये की लागत से उत्तरी बायपास बनाने की घोषणाएं शामिल हैं. इसके अलावा, ग्वालियर-भोपाल-नागपुर को जोड़ने वाली परियोजना को जल्द मंजूरी दी जाएगी, जो आगे जाकर हैदराबाद को भी जोड़ सकेगी.

4500 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं का ऐलान

मध्यप्रदेश को अब 4500 करोड़ रुपये की लागत से 50 सड़कों के निर्माण के लिए भी मंजूरी मिल गई है. इन परियोजनाओं से राज्य में सड़क परिवहन का सुधार होगा और व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा. इसके अलावा, प्रदेश को 5 ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर की सौगात भी मिली है, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे.

मध्यप्रदेश का भविष्य उज्जवल

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि विदिशा को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का आशीर्वाद भी मिला है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में इस क्षेत्र को लगातार विकास की अनेक सौगातें मिल रही हैं. विदिशा की धरती में अद्भुत आकर्षण है. ये उज्जैन के समान पावन धरती है. हर काल में यहां के वीरों ने अपनी अलग पहचान बनाई. सम्राट अशोक के कार्यकाल में यहां सांची स्तूप का निर्माण हुआ. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दिल्ली में बैठक के दौरान मध्यप्रदेश को 20 हजार करोड़ रुपये की राजमार्ग विकास परियोजनाओं की सौगात दी है. केंद्रीय मंत्री अपने प्रण के पक्के हैं, उन्होंने मुंबई में समुद्र के ऊपर पुल बनवा दिया है. मध्यप्रदेश के सिंगरौली में पहाड़ के बीच से रोड निकल रहा है. देशभर में राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजना के तरह-तरह के काम जारी हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश विकास का महापर्व मना रहा है. विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए महायज्ञ चल रहा है. विकास के मामले में हम कोई कमी नहीं रहने देंगे.

पीएम मोदी के सपनों को साकार करेगा मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से आगरा-ग्वालियर-भोपाल-नागपुर तक एक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाने की मांग की, जिसे गडकरी ने तुरंत मंजूरी दे दी. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में राज्य की समृद्धि और आत्मनिर्भरता के लिए जो योजनाएं बनाई गई हैं, वे प्रधानमंत्री मोदी के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी.

ये भी पढ़ें: इंतजार खत्म! लाड़ली बहना योजना की 32वीं किस्त जारी, CM मोहन ने ट्रांसफर किए 1836 करोड़, ऐसे करें चेक