Khaleda Zia Health: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और BNP (बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी) की प्रमुख नेता खालिदा जिया एक बार फिर गंभीर रूप से बीमार हो गई हैं. ढाका के एवरकेयर अस्पताल में भर्ती खालिदा जिया को इस बार फेफड़ों और दिल के गंभीर संक्रमण के कारण इमरजेंसी में लाया गया. डॉक्टरों ने उन्हें क्रिटिकल लेकिन स्थिर बताया है. इसी बीच परिवार ने उन्हें इलाज के लिए लंदन भेजने की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं और अब मेडिकल बोर्ड की अंतिम स्वीकृति का इंतज़ार किया जा रहा है.
BNP के शीर्ष सूत्रों के अनुसार, योजना यह है कि खालिदा जिया को उसी लंदन के अस्पताल में भर्ती कराया जाए, जहां इस वर्ष जनवरी में उनका इलाज किया गया था. ढाका में उनके इलाज के लिए गठित मेडिकल बोर्ड लगातार लंदन के डॉक्टरों से संपर्क में है, ताकि उनकी हालत के अनुसार आगे की प्रक्रिया तय की जा सके. परिवार ने यह भी बताया कि कतर सरकार से एयर एंबुलेंस की व्यवस्था के लिए बातचीत हो चुकी है. जैसे ही मेडिकल बोर्ड यात्रा की अनुमति देगा, उन्हें लंदन स्थानांतरित किया जा सकता है.
Bangladesh Ex-PM Begum Khaleda Zia critically ill
— ANI Digital (@ani_digital) November 29, 2025
Read @ANI Story | https://t.co/RjLyxxPkAG#Bangladesh #FormerPM #BegumKhaledaZia pic.twitter.com/XW4MVgfzdS
सांस लेने में दिक्कत के बाद अस्पताल में भर्ती
रविवार को अचानक तेज़ सांस फूलने और श्वसन संबंधी कठिनाई के बाद उन्हें तुरंत ICU में ले जाया गया. डॉक्टरों के अनुसार, उनके फेफड़ों में संक्रमण फैल चुका है और दिल से जुड़ी जटिलताएं भी गंभीर हो गई हैं. उनका पेसमेकर भी सक्रिय निगरानी में है. डॉक्टरों का कहना है कि उनका शरीर अब धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है, जिससे इलाज और चुनौतीपूर्ण बन गया है.
सरकार और नेताओं की चिंता
पूर्व प्रधानमंत्री की बिगड़ती हालत पर बांग्लादेश के अंतरिम सरकार प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने गहरी चिंता जताई और लोगों से उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना करने की अपील की.
अंतरिम सरकार की एडवाइजरी टीम ने शनिवार को एक विशेष बैठक भी की, जिसमें उनकी सेहत को लेकर चर्चा हुई और उनके लिए दुआ की गई.
राष्ट्रपति मोहम्मद शाहाबुद्दीन ने भी उनके प्रति चिंता व्यक्त की और परिवार को आवश्यक सहयोग देने की बात कही.
वर्षों से चल रही स्वास्थ्य जंग
खालिदा जिया बीते कई सालों से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही हैं. उनकी प्रमुख चिकित्सकीय समस्याएं हैं:
मेडिकल टीम का कहना है कि उनकी स्थिति अब कई अंगों के समन्वित उपचार की मांग करती है, जिसे बांग्लादेश में संभालना मुश्किल हो रहा है.
जेल, बीमारी और रिहाई का सफर
खालिदा जिया दो बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रह चुकी हैं, पहली बार 1991 से 1996 तक और दूसरी बार 2001 से 2006 तक. वह देश के पूर्व राष्ट्रपति जिया-उर-रहमान की पत्नी हैं, जिनकी 1981 में हत्या कर दी गई थी. पति की मौत के बाद BNP अंदरूनी खींचतान के कारण कमजोर होने लगी, और पार्टी नेताओं ने खालिदा को नेतृत्व संभालने के लिए कहा. लंबी अनिच्छा के बाद 1984 में उन्होंने पार्टी की कमान संभाली और BNP को फिर से बड़ी राजनीतिक ताकत बनाया.
2018 में भ्रष्टाचार के एक मामले में उन्हें सजा हुई और वे जेल भेजी गईं. करीब दो साल बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर सरकार ने विशेष शर्तों पर उन्हें घर में रहने की अनुमति दी. अगस्त 2024 में जारी राजनीतिक संकट के दौरान उन्हें पूरी तरह रिहा कर दिया गया. तब से वह लगातार अस्पताल और घर के बीच इलाज कराती रही हैं.
यह भी पढ़ें- अमेरिका की सबसे खतरनाक मिसाइल, आसमान में खेलती है मौत का खेल, जानें इसे बनाने में कितना आता है खर्च