नई दिल्ली: उत्तर भारत में लगातार बढ़ रही ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. खासतौर पर दिल्ली और आसपास के इलाकों में कोहरे की वजह से रेल और हवाई यातायात पर बड़ा असर देखने को मिला. सोमवार को दिल्ली आने वाली कई ट्रेनों की रफ्तार थमी रही, जबकि कई उड़ानों को रद्द करना पड़ा. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक तेज और बर्फीली हवाएं चलने का अनुमान जताया है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है.
कोहरे के कारण 19 ट्रेनें लेट
रेलवे की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को दिल्ली आने वाली करीब 19 ट्रेनें घंटों की देरी से चलीं. किसी ट्रेन को 2 घंटे की देरी का सामना करना पड़ा, तो कुछ गाड़ियां 8 से 10 घंटे तक लेट रहीं. सबसे ज्यादा परेशानी लंबी दूरी से आने वाली ट्रेनों में देखने को मिली.
जानकारी के मुताबिक अयोध्या कैंट से दिल्ली आने वाली ट्रेन संख्या 22425 करीब 10 घंटे देरी से पहुंची. वहीं लखनऊ से चलने वाली ट्रेन नंबर 12419 लगभग 5 घंटे लेट रही. इसके अलावा गाड़ी संख्या 12453 राजधानी एक्सप्रेस करीब 8 घंटे की देरी से दिल्ली पहुंची. गाजियाबाद स्टेशन पर भी कई ट्रेनों के लेट होने की सूचना मिली, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.