Uttarakhand News: उत्तराखंड एक ऐसा राज्य जो अपनी सुरम्य वादियों, हिमालयी चोटियों और पवित्र तीर्थ स्थलों के लिए जाना जाता है. हर साल लाखों सैलानी इसकी प्राकृतिक सुंदरता और अध्यात्मिक शांति की तलाश में यहां आते हैं. लेकिन इसी स्वर्ग जैसी भूमि के भीतर छिपा है एक खतरनाक सच यह एक अत्यंत संवेदनशील भौगोलिक क्षेत्र भी है, जहां कुदरत बार-बार अपना प्रकोप बरसाती है. धरती कांपती है, पहाड़ दरकते हैं, नदियां उफनती हैं और गांव के गांव बह जाते हैं. हाल ही में उत्तरकाशी के धराली गांव में आई भीषण बाढ़ ने फिर एक बार चेताया है कि अगर समय रहते स्थायी समाधान नहीं खोजे गए, तो उत्तराखंड बार-बार ऐसी त्रासदियों का शिकार बनता रहेगा.
धराली बाढ़: एक और चेतावनी
उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में खीरगंगा में आए अचानक सैलाब ने कई लोगों की जान ले ली और कई अभी तक लापता हैं. तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए यह घटना किसी बुरे सपने से कम नहीं थी. मकान, होटल, होमस्टे कुछ भी इस बाढ़ की तबाही से नहीं बच पाया. पहाड़ से गिरे विशाल बोल्डरों और मलबे ने नदी का रास्ता रोका, जिससे सैलाब ने और भयंकर रूप ले लिया.
इतिहास के पन्नों में दर्ज उत्तराखंड की बड़ी आपदाएं
1. नैनीताल भूस्खलन – 1880
18 सितंबर 1880 को मल्लीताल क्षेत्र में हुई भूस्खलन की घटना ने 151 लोगों की जान ले ली. मलबे में दबे लोगों में भारतीयों के साथ-साथ ब्रिटिश नागरिक भी शामिल थे. इसी मलबे पर आज का फ्लैट्स मैदान खड़ा है.
2. उत्तरकाशी भूकंप – 1991
20 अक्टूबर 1991 को आए 6.8 तीव्रता के भूकंप ने उत्तरकाशी और आस-पास के क्षेत्रों को हिला कर रख दिया. रात के अंधेरे में आई इस आपदा में 768 लोगों की जान चली गई और हजारों घर जमींदोज हो गए.
3. मालपा भूस्खलन – 1998
पिथौरागढ़ जिले के मालपा गांव में 18 अगस्त को हुए भूस्खलन ने पूरे गांव को मिटा दिया. 225 लोगों की मौत हुई, जिनमें कैलाश मानसरोवर यात्रा पर निकले 55 श्रद्धालु भी शामिल थे. यह आपदा न सिर्फ जानलेवा थी, बल्कि कई इलाकों में बाढ़ का कारण भी बनी.
4. चमोली भूकंप – 1999
चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों में 6.8 तीव्रता का भूकंप आया जिसने 100 से ज्यादा लोगों की जान ले ली. नदियों के बहाव बदल गए, सड़कें ध्वस्त हो गईं और कई गांवों का संपर्क टूट गया.
5. केदारनाथ आपदा – 2013
16-17 जून 2013 को बादल फटने और ग्लेशियर टूटने से आई बाढ़ को ‘हिमालयी सुनामी’ कहा गया. हजारों लोग मारे गए, लापता हुए, और पूरे केदारनाथ धाम में तबाही का मंजर देखने को मिला. आज भी यह त्रासदी उत्तराखंड के इतिहास की सबसे भीषण आपदा मानी जाती है.
अब क्या उत्तराखंड तैयार है?
धराली की हालिया आपदा इस सवाल को दोबारा खड़ा करती है क्या उत्तराखंड प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए तैयार है? बदलते मौसम, असंतुलित विकास, अंधाधुंध निर्माण और सतत निगरानी की कमी राज्य को बार-बार संकट में डाल रही है. उत्तराखंड की सुंदरता को बचाना है, तो अब सजगता के साथ वैज्ञानिक और पर्यावरणीय दृष्टिकोण से आपदा प्रबंधन को मजबूत करना होगा. वरना ये स्वर्ग जैसी धरती, बार-बार नरक का अनुभव देती रहेगी.
ये भी पढ़ें: खतरा अभी टला नहीं...धराली में तबाही का मंजर; अब तक 400 लोगों का हुआ रेस्क्यू