PM Modi Punjab Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के जालंधर दौरे के दौरान राज्य को विकास की कई बड़ी सौगातें देते हुए 5,470 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. हरियाणा के जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद जालंधर पहुंचे प्रधानमंत्री ने रेलवे और बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं को नई रफ्तार दी. उन्होंने रिमोट के जरिए जालंधर कैंट समेत 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया और अमृतसर से वाराणसी के बीच चलने वाली सीर गोवर्धनपुर वाराणसी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान उन्होंने ट्रेन में मौजूद स्कूली बच्चों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया और डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास से भी मुलाकात की. प्रधानमंत्री का यह दौरा पंजाब में रेलवे नेटवर्क, यात्री सुविधाओं और क्षेत्रीय विकास को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
पंजाबी में की संबोधन की शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर में अपने संबोधन की शुरुआत पंजाबी में की. उन्होंने पंजाबी में बोलते हुए कहा- पंजाबियों, किवें हो? चढ़दी कलां च हो या नहीं? उन्होंने कहा कि आज जालंधर विकास के एक नए उत्सव का साक्षी बन रहा है. उन्होंने प्रदेश की आप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में विज्ञापनों के दम पर विश्वासघात की तस्वीर छिपाई जा रही है. कानून व्यवस्था बेहाल है. कब कहां गैंगवार हो जाए, किस दिशा से गोलियां चलने लगे, कोई कह नहीं सकता. यहां व्यापार-कारोबार करना मुश्किल हो चुका है. सरेआम फिरौती मांगी जा रही है. पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं हैं. थानों पर अटैक हो रहे हैं. पंजाब का भविष्य बर्बाद किया जा रहा है. नशे के सौदागर खुलेआम घूम रहे हैं. युवाओं को नशे के दलदल में धकेला जा रहा है.
AAP सरकार पर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि जो लोग पंजाब की सत्ता में बैठे हैं, वह बहुत घमंड से देश की राजनीति बदलने का दावा करते थे. इनकी सच्चाई आज देश देख रहा है. 2-3 दिन पहले इनके एक नेता को कोर्ट ने दोषी करार दिया. उस पर दंगे कराने का दोष है. एक IB अफसर की हत्या का दोष है. इनकी बेशर्मी देखिए, कोर्ट ने सबूतों के आधार पर फैसला दिया लेकिन ये उस पर भी सवाल उठा रहे हैं. पंजाब में 'कट्टर बेईमान पार्टी' की सरकार है. यहां की सरकार कर्ज पर मौज कर रही है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर के लोगों की सराहना करते हुए स्वच्छता से स्वागत की पहल की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के समरसता और सामूहिक प्रयास के संदेश को यहां के लोगों ने सही मायनों में अपनाया है. प्रधानमंत्री ने तेजा सिंह समुद्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके राष्ट्रसेवा के योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता हर नागरिक की सेवा, जीवन को आसान बनाना और सभी को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना है. सरकार 'नागरिक देवो भवः' के मंत्र पर कार्य कर रही है.
ये भी पढ़ें: वंदे मातरम् के अपमान पर सख्त कानून की तैयारी, राज्यसभा में गृह मंत्री अमित शाह पेश करेंगे अहम बिल