नोएडा सेक्टर-4 में बिजली मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग, 26 कर्मचारी झुलसे, क्या थी वजह?

उत्तर प्रदेश के नोएडा में गुरुवार सुबह एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. यह घटना सेक्टर-4 स्थित एक बिजली मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में हुई.

fire in electricity meter manufacturing factory in Noida Sector-4
Image Source: Social Media

नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में गुरुवार सुबह एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. यह घटना सेक्टर-4 स्थित एक बिजली मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में हुई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी गई.

आग की लपटें तेज होने के कारण आसपास के इलाके को एहतियात के तौर पर खाली कराया गया. मौके पर थाना फेस-1 की पुलिस और दमकल विभाग की टीम लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है. फिलहाल आग लगने की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है.

फैक्ट्री में बनते हैं बिजली मीटर

पुलिस के मुताबिक सेक्टर-4 में स्थित कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड नाम की कंपनी में बिजली मीटर बनाए जाते हैं. गुरुवार सुबह अचानक फैक्ट्री में आग लग गई.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गईं. हालांकि खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था.

आग लगते समय अंदर थे 250 लोग

अधिकारियों के अनुसार जब आग लगी, उस समय फैक्ट्री के अंदर करीब 250 कर्मचारी मौजूद थे. आग लगते ही वहां चीख-पुकार मच गई और लोगों को तुरंत बाहर निकाला गया.

इस हादसे में दो दर्जन से ज्यादा लोग झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

अधिकारी ने दी जानकारी

गौतमबुद्धनगर के अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि आग लगने के बाद राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया था. झुलसे हुए लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और दमकल की टीम आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है.

ये भी पढ़ें- तेल टैंकर 'सेफसी विष्णु' पर ईरान ने सुसाइड बोट से किया हमला, एक भारतीय की मौत, देखें VIDEO