Indigo Flight Power Bank Fire: मंगलवार को इंडिगो की एक फ्लाइट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब लैंडिंग के बाद विमान के अंदर एक यात्री के पावर बैंक में अचानक आग लग गई. यह फ्लाइट हैदराबाद से चंडीगढ़ जा रही थी. लैंडिंग के बाद जब विमान रनवे से हटकर पार्किंग एरिया में खड़ा था, तभी यह घटना हुई.
जानकारी के अनुसार, विमान इंडिगो की फ्लाइट 6E 108 थी. जैसे ही विमान लैंड करके रुका, तभी एक यात्री के बैग में रखे पावर बैंक से धुआं और आग निकलने लगी. यह देखते ही क्रू मेंबर्स ने तुरंत अलर्ट जारी किया और स्थिति को संभालने की कोशिश शुरू कर दी.
IndiGo Spokesperson:
— Aditya Raj Kaul (@AdityaRajKaul) May 5, 2026
“On 5 May 2026, while IndiGo flight 6E 108 from Hyderabad to Chandigarh was stationary after landing, an incident involving a customer's personal electronic equipment catching fire was reported.*
In the interest of safety, an immediate evacuation was… pic.twitter.com/9wTenW6THX
तुरंत इमरजेंसी निकासी
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी यात्रियों को तुरंत विमान से बाहर निकालने का फैसला लिया गया. क्रू ने इमरजेंसी एक्जिट का इस्तेमाल करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला. कुछ ही मिनटों में पूरा विमान खाली करा लिया गया.
सभी यात्री सुरक्षित
इंडिगो एयरलाइन ने बताया कि इस घटना में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है. सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं. सभी यात्रियों को बाद में एयरपोर्ट टर्मिनल तक सुरक्षित पहुंचाया गया, जहां उनकी देखभाल के लिए एयरलाइन की टीम मौजूद रही.
एयरलाइन का बयान
इंडिगो की तरफ से कहा गया है कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है. इसलिए तुरंत इमरजेंसी प्रक्रिया अपनाई गई. एयरलाइन ने यह भी बताया कि विमान की पूरी जांच की जाएगी और सभी सुरक्षा नियमों को पूरा करने के बाद ही इसे दोबारा उड़ान के लिए इस्तेमाल किया जाएगा. अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि पावर बैंक में आग कैसे लगी. क्या यह तकनीकी खराबी थी या किसी और वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है.
DGCA की नजर
इस मामले पर अभी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही इसकी जांच की जाएगी. इस घटना के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए डर का माहौल बन गया था. लेकिन समय पर की गई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया.
ये भी पढ़ें- कतर के आसमान में उड़ान भरते समय अमेरिकी वायुसेना का KC-135 विमान लापता, इमरजेंसी सिग्नल के बाद रडार से गायब