रणवीर सिंह की बहुचर्चित स्पाई-थ्रिलर ‘धुरंधर’ का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा. पहले से ही मेजर मोहित शर्मा के परिवार ने फिल्म पर आपत्ति जताते हुए कोर्ट का रुख किया था, और अब इस विवाद में एक और बड़ा मोड़ आ गया है. कराची के मशहूर और विवादित पुलिस अफसर चौधरी असलम खान की पत्नी नौरीन असलम ने भी फिल्म पर कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि अगर फिल्म में उनके दिवंगत पति को गलत तरीके से दिखाया गया, तो वे कानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेंगी.
फिल्म में संजय दत्त जिस किरदार को निभा रहे हैं, उसका नाम और व्यक्तित्व काफी हद तक कराची के पूर्व पुलिस अधिकारी चौधरी असलम खान से प्रेरित बताया जा रहा है. ट्रेलर में उनका लुक और डायलॉग सामने आने के बाद ही नौरीन असलम ने तीखी प्रतिक्रिया दी.उन्होंने कहा कि अगर कहानी में उनके पति को “गलत ढंग से पेश” किया गया या किसी प्रकार का “प्रोपेगैंडा” फैलाया गया, तो वे मजबूरन अदालत जाएंगी.
‘धुरंधर’ में चरित्र चित्रण को लेकर सवाल
नौरीन असलम का कहना है कि उनके पति एक बहादुर अधिकारी थे, जिनसे अपराधी और आतंकी डरते थे. उन्होंने इस पर नाराजगी जताई कि ट्रेलर में अपराधी रहमान डकैत को “आतंकवादी” के रूप में दिखाया गया, जबकि उनके अनुसार रहमान केवल वसूली और अपहरण जैसे अपराध करने वाला अपराधी था, न कि कोई आतंकी.उनके मुताबिक, “मेरे पति ने हमेशा सच का साथ दिया था. अगर फिल्म में तथ्यों से छेड़छाड़ हुई तो मैं उसे बर्दाश्त नहीं कर सकती.”
‘जिन्न’ और ‘शैतान का बच्चा’ कहे जाने पर भड़का विरोध
ट्रेलर में चौधरी असलम को परिचय देते हुए “जिन्न” और “शैतान का बच्चा” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है. नौरीन इस पर विशेष रूप से आहत हुईं. उन्होंने कहा,इस तरह की भाषा न सिर्फ असलम का, बल्कि उनकी दिवंगत मां का भी अपमान है. हम मुस्लिम हैं और ऐसे शब्द हमारे लिए बेहद अस्वीकार्य हैं.”
पूरा निर्णय फिल्म देखने के बाद
हालांकि अपनी नाराज़गी जताने के साथ-साथ नौरीन असलम ने यह भी कहा कि अंतिम राय वे पूरी फिल्म देखने के बाद ही देंगी. अगर उन्हें लगे कि उनके पति को सम्मानपूर्वक दर्शाया गया है, तो वे कोई कार्रवाई नहीं करेंगी. लेकिन किसी भी “गलत प्रस्तुति” पर वे सख्त कदम उठाने के लिए तैयार हैं.
यह भी पढ़ें: आपके लेवल पर जाने के लिए कितने पैसे का होना पड़ेगा? जब बिग-बॉस हाउस में फरहाना से पूछे गए तीखे सवाल