बिग बॉस 19 के फिनाले से ठीक पहले घर का माहौल और भी तीखा हो गया है. जैसे-जैसे 7 दिसंबर की ग्रैंड नाइट करीब आ रही है, वैसे-वैसे कंटेस्टेंट्स पर दबाव बढ़ता जा रहा है. मिड-वीक एविक्शन की आहट और मीडिया का सामना—इन दोनों ने ही टॉप 6 प्रतियोगियों की असल परीक्षा ले ली है. ताज़ा प्रोमो में साफ दिख रहा है कि मीडिया राउंड ने कई चेहरे बेनकाब किए और कुछ दिलों को झकझोर दिया.
नए प्रोमो में मीडिया ने फरहाना भट्ट को सवालों की बौछार से घेर लिया. उनसे पूछा गया कि वह घर में अक्सर महिलाओं को “2 पैसे की औरत” क्यों कहती हैं. इस पर फरहाना ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि जब कोई उनसे भिड़ता है, तो वह उसी स्तर पर जवाब देती हैं. उनका जवाब सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है.
तान्या मित्तल पर लगे झूठी कहानी और भद्दे कमेंट्स के आरोप
तान्या मित्तल भी मीडिया के कठिन सवालों से नहीं बच सकीं. उन पर शो में झूठी कहानियाँ गढ़ने और महिला कंटेस्टेंट्स पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया. सवाल इतने तीखे थे कि तान्या खुद को रोक नहीं पाईं और बाद में रोती नजर आईं.
प्रणित मोरे पर दोस्ती तोड़ने का सवाल
प्रणित से उनकी दोस्ती पर सवाल उठे जब मीडिया ने उनसे पूछा कि उन्होंने अभिषेक को क्यों बाहर किया, जबकि वो उनके सबसे करीबी थे. प्रणित का कहना था कि बिग बॉस के घर में हर किसी की प्राथमिकताएं समय के साथ बदलती हैं, और यही उनकी वजह थी.
गौरव खन्ना हुए भावुक, पत्नी पर पूछे गए सवाल ने रुला दिया
मीडिया राउंड का सबसे इमोशनल पल तब आया जब गौरव खन्ना से उनकी निजी जिंदगी पर सवाल पूछ लिया गया. उनसे पूछा गया कि उन्होंने शो में यह क्यों कहा कि उनकी पत्नी बच्चे नहीं चाहतीं—क्या यह सहानुभूति बटोरने का तरीका था?सवाल सुनते ही गौरव की आंखें भर आईं. उन्होंने नम आंखों से कहा कि वह अपनी पत्नी से बेहद प्यार करते हैं और जो भी फैसला वह लेंगी, वह बिना सोचे समझे स्वीकार कर लेंगे.
कौन बनेगा टॉप 5?
इस समय घर में 6 फाइनलिस्ट बचे हैं और फिनाले से पहले होने वाला मिड-वीक एविक्शन माहौल को और तनावपूर्ण बना चुका है. आज रात एक कंटेस्टेंट बाहर होगा और इसके साथ ही बिग बॉस 19 को मिल जाएगा अपना टॉप 5, जो ग्रैंड फिनाले में एक-दूसरे से टक्कर लेंगे.
यह भी पढ़ें: क्या आप ट्रॉफी डिजर्व करती हैं? मीडिया के सवालों से सकपका गईं तान्या मित्तल