FIFA World Cup 2026: फ्रांस vs स्पेन की महामुकाबले में कौन मारेगा बाजी? इन खिलाड़ियों पर टिकी हैं उम्मीदें

Spain-France Clash: FIFA वर्ल्ड कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच गया है. टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल मुकाबला 15 जुलाई को फ्रांस और स्पेन के बीच खेला जाएगा. भारतीय समय के अनुसार यह मैच रात 12:30 बजे शुरू होगा.

FIFA World Cup 2026 top in the epic clash between France and Spain Hopes rest on these players
Image Source: Social Media

Spain-France Clash: FIFA वर्ल्ड कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच गया है. टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल मुकाबला 15 जुलाई को फ्रांस और स्पेन के बीच खेला जाएगा. भारतीय समय के अनुसार यह मैच रात 12:30 बजे शुरू होगा. दोनों टीमें पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक पहुंची हैं. 

फ्रांस ने क्वार्टर फाइनल में मोरक्को को हराया, जबकि स्पेन ने पुर्तगाल को मात देकर अंतिम चार में जगह बनाई. अब दोनों की नजर फाइनल का टिकट हासिल करने पर होगी. इस बड़े मुकाबले में कई स्टार खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे. आइए जानते हैं उन खिलाड़ियों के बारे में, जिन पर इस मैच में सबसे ज्यादा नजर रहेगी.

किलियन एम्बाप्पे (फ्रांस)

  • गोल: 8
  • असिस्ट: 3

फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे इस वर्ल्ड कप में शानदार फॉर्म में हैं. उन्होंने अब तक 8 गोल किए हैं और 3 गोल में मदद भी की है. ग्रुप स्टेज के बाद हर नॉकआउट मुकाबले में उन्होंने गोल किया है.

रियल मैड्रिड के स्टार फॉरवर्ड इस समय अपने करियर की बेहतरीन लय में नजर आ रहे हैं. फ्रांस की टीम को उनसे एक बार फिर बड़े मैच में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी.

माइकल ओलिस (फ्रांस)

  • गोल: 0
  • असिस्ट: 5

माइकल ओलिस ने भले ही अभी तक कोई गोल नहीं किया हो, लेकिन इस वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 5 असिस्ट उनके नाम हैं. उन्होंने कई मौकों पर एम्बाप्पे और बाकी खिलाड़ियों के लिए गोल बनाने का काम किया है. बायर्न म्यूनिख के इस मिडफील्डर की पासिंग और अटैक बनाने की क्षमता फ्रांस के लिए बड़ी ताकत मानी जा रही है.

उस्मान डेम्बेले (फ्रांस)

  • गोल: 5
  • असिस्ट: 2

उस्मान डेम्बेले भी शानदार फॉर्म में हैं. उन्होंने अब तक 5 गोल किए हैं और 2 असिस्ट दिए हैं. ग्रुप स्टेज में नॉर्वे के खिलाफ उन्होंने हैट्रिक लगाई थी. वहीं, क्वार्टर फाइनल में मोरक्को के खिलाफ भी गोल किया. इस टूर्नामेंट में एम्बाप्पे और डेम्बेले की जोड़ी फ्रांस की सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आई है.

लामिन यामल (स्पेन)

  • गोल: 1
  • असिस्ट: 0

स्पेन के युवा स्टार लामिन यामल ने इस वर्ल्ड कप में सिर्फ एक गोल किया है, लेकिन उनका खेल इससे कहीं ज्यादा प्रभावशाली रहा है. 18 साल के यामल अपनी तेज रफ्तार, शानदार ड्रिब्लिंग और अटैक बनाने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं. 

उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में कई शानदार मौके बनाए हैं और स्पेन के आक्रमण में अहम भूमिका निभाई है. क्वार्टर फाइनल में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया था.

मिकेल ओयारजाबल (स्पेन)

  • गोल: 4
  • असिस्ट: 1

मिकेल ओयारजाबल इस वर्ल्ड कप में स्पेन के सबसे सफल गोल स्कोरर हैं. उन्होंने अब तक 4 गोल किए हैं और एक असिस्ट भी दिया है. बड़े मैचों में अच्छा प्रदर्शन करना उनकी खासियत है. यूरो 2024 के फाइनल में भी उन्होंने जीत दिलाने वाला गोल किया था. ऐसे में फ्रांस के खिलाफ भी स्पेन को उनसे बड़ी उम्मीदें होंगी.

रोमांचक मुकाबले पर दुनिया की नजर

फ्रांस और स्पेन दोनों ही दुनिया की सबसे मजबूत फुटबॉल टीमों में शामिल हैं. दोनों टीमों के पास अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा स्टार भी मौजूद हैं. ऐसे में यह मुकाबला बेहद कड़ा और रोमांचक होने की उम्मीद है.

फुटबॉल प्रशंसकों की नजर खासतौर पर एम्बाप्पे, डेम्बेले, यामल और ओयारजाबल जैसे खिलाड़ियों पर रहेगी. अब देखना होगा कि कौन-सी टीम शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की करती है.

ये भी पढ़ें- ये टीम इंडिया के हित में नहीं... दिनेश कार्तिक ने अगरकर और गंभीर के बीच टकराव पर किया खुलासा, देखें Video