Mani Meraj Arrest: एक वक्त मुर्गा काटने का काम करने वाला शख्स जब सोशल मीडिया पर उभरा तो मनी मेराज बनकर उसने लाखों लोगों को हंसाया. इंस्टाग्राम पर 70 लाख से अधिक फॉलोअर्स, यूट्यूब पर करोड़ों व्यूज और भोजपुरी फिल्मों में अभिनय से मिली शोहरत, लेकिन अब यही चेहरा विवादों के घेरे में आ गया है.
गाजियाबाद की खोड़ा पुलिस ने मनी मेराज को पटना से ट्रांजिट रिमांड पर गिरफ्तार किया है. उस पर एक महिला ने गंभीर आपराधिक आरोप लगाए हैं, जिनमें बलात्कार, जबरन धर्म परिवर्तन, गर्भपात कराने की धमकी और आर्थिक धोखाधड़ी जैसे संगीन अपराध शामिल हैं.
नशीली चीज़ें, जबरन रिश्ता और मानसिक शोषण
18 सितंबर को दर्ज की गई एफआईआर में महिला ने आरोप लगाया कि मनी मेराज ने अपनी असली पहचान छिपाकर दोस्ती की. फिर एक दिन उसे नशीला पदार्थ देकर शारीरिक शोषण किया और बाद में शादी का झांसा देकर लगातार दुष्कर्म करता रहा.
महिला ने यह भी दावा किया कि आरोपी ने उस पर बीफ खाने, कलमा पढ़ने और धर्म बदलने का दबाव डाला. जब वह गर्भवती हुई तो उसे गर्भपात के लिए मजबूर किया गया.
आर्थिक धोखाधड़ी भी, लाखों रुपये की ठगी
पीड़िता के अनुसार, यह सिलसिला तीन साल से चल रहा था, और इस दौरान मनी मेराज ने उससे लाखों रुपये ठग लिए. महिला का दावा है कि उसने भरोसे में लेकर उसकी आर्थिक स्थिति का भी फायदा उठाया.
एक ओर कॉमेडी वीडियो, दूसरी ओर आरोपों का बवंडर
यूट्यूब पर मनी मेराज के कुछ वीडियो को 1.4 करोड़ से ज़्यादा बार देखा गया है. उन्होंने हाल ही में एक भोजपुरी फिल्म में अभिनय किया और IPL 2024 में Jio TV के लिए भोजपुरी कमेंट्री भी की थी.
गाजियाबाद पुलिस कर रही उच्चस्तरीय जांच
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव के मुताबिक, खोड़ा पुलिस ने गहन जांच के बाद आरोपी को ट्रैक किया और गिरफ्तार किया. मनी मेराज से पूछताछ जारी है और पुलिस 'लव जिहाद' जैसे पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.
यह भी पढ़ें- "इससे हर भारतीय आहत", CJI गवई पर जूता फेंकने की घटना पर पीएम मोदी ने दी प्रतिक्रिया