जयपुर में घर के अंदर चल रही पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 3 लोगों की मौत, कई गंभीर

Jaipur Kho Nagoriyan Blast: राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया. खो नागोरियान इलाके में एक घर के अंदर चल रही पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लग गई, जिसके बाद कई तेज धमाके हुए. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

Explosion at a firecracker factory in Jaipur Rajasthan 3 dead several critical
Image Source: Social Media

Jaipur Kho Nagoriyan Blast: राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया. खो नागोरियान इलाके में एक घर के अंदर चल रही पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लग गई, जिसके बाद कई तेज धमाके हुए. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

आग लगते ही मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार जिस मकान में हादसा हुआ, वहां घर के अंदर ही पटाखे बनाने का काम किया जा रहा था. अचानक आग लगने के बाद एक के बाद एक धमाके होने लगे. धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस, सिविल डिफेंस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया.

तीन लोगों की मौत की पुष्टि

जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की जलने से मौत हो गई है. वहीं पांच घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. घायलों को जयपुरिया अस्पताल और एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें से तीन लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है. डॉक्टरों के अनुसार वे 50 से 70 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.

मलबे में लोगों की तलाश जारी

हादसे के बाद प्रशासन और राहत दल लगातार मौके पर मौजूद हैं. दमकलकर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं. साथ ही मलबे में फंसे लोगों की तलाश भी जारी है. अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है. इसी वजह से पूरे इलाके की गहन जांच की जा रही है.

फैक्ट्री की वैधता की भी होगी जांच

प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि यह भी पता लगाया जाएगा कि रिहायशी इलाके में पटाखा फैक्ट्री कैसे चलाई जा रही थी और इसके लिए जरूरी अनुमति ली गई थी या नहीं. फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है.

ये भी पढ़ें- पहले साधा निशाना, अब दिखाई नरमी! हिना खान ने शिल्पा को फैंस की ये अपील, जानें क्या कहा