Sanjay Leela Bhansali Heart Attack: बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक संजय लीला भंसाली को लेकर हाल ही में सोशल मीडिया पर एक बड़ी खबर वायरल हुई कि उन्हें जन्मदिन के दिन हार्ट अटैक आया और उन्हें मुंबई के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. यह खबर आते ही फैंस और मीडिया में चिंता की लहर दौड़ गई. हालांकि, भंसाली की टीम ने इस खबर को पूरी तरह खारिज कर दिया. टीम ने स्पष्ट किया कि संजय लीला भंसाली पूरी तरह स्वस्थ और फिट हैं.
उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और निर्देशक के स्वास्थ्य को लेकर अनावश्यक डर फैलाने से बचें. संजय लीला भंसाली 24 फरवरी को 63 साल के हुए हैं. उनकी टीम के मुताबिक, उनका स्वास्थ्य बिलकुल सामान्य है और वे अपने काम में पूरी तरह व्यस्त हैं. मीडिया में आई यह अफवाह कि 'लव एंड वॉर' के डायरेक्टर को जन्मदिन पर हार्ट अटैक आया, पूरी तरह गलत साबित हुई.
नए प्रोजेक्ट का ऐलान, महाशिवरात्रि पर बढ़ा उत्साह
संजय लीला भंसाली ने हाल ही में महाशिवरात्रि के मौके पर अपने अगले बड़े प्रोजेक्ट का खुलासा किया. इसके लिए उन्होंने 'मंगल पांडे' के डायरेक्टर केतन मेहता के साथ टीम बनाई है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक छोटा क्लिप शेयर करते हुए फिल्म के नाम का ऐलान किया, "जय सोमनाथ". भंसाली ने पोस्ट में लिखा, “मंदिर तोड़ा जा सकता है, आस्था नहीं. संजय लीला भंसाली पेश करते हैं, 'जय सोमनाथ'. केतन मेहता डायरेक्टर होंगे.”
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि यह फिल्म 2027 में दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म भंसाली प्रोडक्शंस और माया मूवीज़ के बैनर तले बनाई जा रही है. स्टार कास्ट के बारे में अभी जानकारी नहीं आई है, लेकिन इस एलान ने सिनेमा प्रेमियों में उत्साह और जिज्ञासा पैदा कर दी है.
'लव एंड वॉर' पर भी काम जारी
संजय लीला भंसाली इस समय अपने अन्य बड़े प्रोजेक्ट 'लव एंड वॉर' पर भी काम कर रहे हैं. यह फिल्म रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल जैसी बॉलीवुड की बड़ी स्टार कास्ट के साथ बनाई जा रही है. हालांकि, इस फिल्म की रिलीज डेट अभी घोषित नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद है कि आने वाले समय में इसके बारे में और जानकारी साझा की जाएगी.
ये भी पढ़ें- Instagram पर बच्चे देख रहे आपत्तिजनक कंटेंट! Meta के सर्वे में हुआ चौंकाने वाला खुलासा, जानें पूरा मामला