Pradeep Rawat Death: हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता प्रदीप रावत का 74 साल की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने ‘लगान’, ‘सरफरोश’ और ‘गजनी’ जैसी कई यादगार फिल्मों में शानदार अभिनय किया था. उनके निधन की जानकारी अभिनेता यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए दी.
प्रदीप रावत लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे. पहले उनका इलाज मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में चल रहा था. बाद में उनकी हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली.
‘महाभारत’ से मिली थी बड़ी पहचान
प्रदीप रावत का जन्म 21 जनवरी 1952 को मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुआ था. उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1980 के दशक में की थी. उन्हें सबसे बड़ी पहचान बी.आर. चोपड़ा के टीवी सीरियल ‘महाभारत’ से मिली. इस धारावाहिक में उन्होंने अश्वत्थामा का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया. उनकी दमदार आवाज और प्रभावशाली अभिनय ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया.
‘लगान’ और ‘गजनी’ में निभाए यादगार किरदार
प्रदीप रावत ने हिंदी फिल्मों के साथ-साथ दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी शानदार काम किया. ‘सरफरोश’ (1999) में उन्होंने सुल्तान का किरदार निभाया, जबकि ‘लगान’ (2001) में उनका देवा सिंह सोढी वाला रोल आज भी लोगों को याद है.
उन्होंने निर्देशक एस.एस. राजामौली की तेलुगु फिल्म ‘सई’ में भी काम किया और इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ खलनायक का पुरस्कार मिला. तमिल फिल्म ‘गजनी’ में उन्होंने डबल रोल निभाया था. बाद में 2008 की हिंदी ‘गजनी’ में उन्होंने मुख्य विलेन का किरदार निभाकर दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी.
कई भाषाओं की फिल्मों में किया काम
बहुत कम लोग जानते हैं कि प्रदीप रावत ने हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली, भोजपुरी और नेपाली फिल्मों में भी काम किया था. करीब चार दशक लंबे करियर में उन्होंने कई ऐसे किरदार निभाए, जिन्हें आज भी याद किया जाता है.
खासकर खलनायक के रूप में उनकी दमदार मौजूदगी और प्रभावशाली अभिनय उन्हें अलग पहचान दिलाता था. प्रदीप रावत के निधन से फिल्म और टीवी जगत में शोक की लहर है. उनके चाहने वाले और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
ये भी पढ़ें- 5 महीने की जंग ने खोली अमेरिका की पोल! खत्म होने की कगार पर हाईटेक मिसाइलों का भंडार?