अरशद वारसी की 'असुर 3' में नई एक्ट्रेस की एंट्री, सितंबर में शुरू होगी शूटिंग

Asur 3 Release Date: 'असुर' वेब सीरीज के चाहने वालों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. सीरीज के पहले दो सीजन को दर्शकों ने काफी पसंद किया था और अब मेकर्स इसके तीसरे सीजन पर काम कर रहे हैं.

Entertainment New actress joins Arshad Warsi Asur 3 shooting to begin in September
Image Source: Social Media

Asur 3 Release Date: 'असुर' वेब सीरीज के चाहने वालों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. सीरीज के पहले दो सीजन को दर्शकों ने काफी पसंद किया था और अब मेकर्स इसके तीसरे सीजन पर काम कर रहे हैं. 'असुर 3' को लेकर अब इसकी कास्ट और शूटिंग से जुड़ी नई जानकारी सामने आई है.

'असुर 3' में नजर आएंगी श्वेता बसु प्रसाद

'असुर 3' की कहानी में इस बार अभिनेत्री श्वेता बसु प्रसाद की भी एंट्री होने वाली है. हालांकि अभी उनके किरदार को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वह कहानी में किस भूमिका में नजर आती हैं और उनके किरदार से कहानी में क्या नया मोड़ आता है.

सीरीज के मुख्य किरदार धनंजय राजपूत और निखिल नायर पहले दोनों सीजन की कहानी का अहम हिस्सा रहे हैं. तीसरे सीजन में भी इन किरदारों की कहानी को आगे बढ़ाया जाएगा.

सितंबर में शुरू हो सकती है शूटिंग

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'असुर 3' की शूटिंग सितंबर में शुरू होने की उम्मीद है. मेकर्स तीसरे सीजन में कहानी को एक नए पड़ाव पर ले जाने की तैयारी कर रहे हैं. तीसरे सीजन में अरशद वारसी और बरुन सोबती की वापसी भी तय मानी जा रही है. दोनों कलाकार इस सीरीज के पहले सीजन से ही दर्शकों के बीच काफी पसंद किए गए हैं.

गौरव शुक्ला संभालेंगे निर्देशन

'असुर 3' में कैमरे के पीछे भी बदलाव देखने को मिलेगा. सीरीज के लेखक और निर्माता गौरव शुक्ला इस बार निर्देशन की जिम्मेदारी भी संभालेंगे. यह बतौर निर्देशक उनकी पहली बड़ी पारी होगी. पहले और दूसरे सीजन का निर्देशन ओनी सेन ने किया था. वहीं गौरव शुक्ला दोनों सीजन के लेखक और क्रिएटर रहे हैं. अब तीसरे सीजन में वह निर्देशन के साथ निर्माता की भूमिका भी निभाएंगे.

क्या है 'असुर' की कहानी?

'असुर' की कहानी निखिल नायर और धनंजय राजपूत के इर्द-गिर्द घूमती है. निखिल एक फोरेंसिक विशेषज्ञ हैं, जबकि धनंजय एक अनुभवी जांच अधिकारी हैं. दोनों मिलकर एक खतरनाक सीरियल किलर का पीछा करते हैं. इस सीरीज की खास बात यह है कि अपराध की कहानी को भारतीय पौराणिक कथाओं और इंसानी सोच से जोड़ा गया है.

सीरियल किलर की सोच और उसके मकसद को समझना कहानी को और ज्यादा रोमांचक बनाता है. अब तीसरे सीजन में कहानी किस दिशा में जाएगी और श्वेता बसु प्रसाद का किरदार क्या असर डालेगा, इसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है. 'असुर 3' के जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें- यश की 'टॉक्सिक' का धांसू ट्रेलर आउट, एक्शन और तबाही से भरपूर है मैग्नम ओपस