गाजियाबाद: सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद का एनकाउंटर, जानें पुलिस ने कैसे किया ढेर

Surya Chauhan Murder Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद आखिरकार पुलिस के शिकंजे से बच नहीं सका. बकरीद के दिन हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद से फरार चल रहे असद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया.

Encounter of Asad main accused in the murder of Surya Chauhan in Ghaziabad
Image Source: Social Media

Surya Chauhan Murder Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद आखिरकार पुलिस के शिकंजे से बच नहीं सका. बकरीद के दिन हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद से फरार चल रहे असद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया. इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने मामले के सबसे अहम आरोपी का अंत कर दिया है. हालांकि मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.

28 मई को खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था. आरोप है कि असद ने अपने साथियों के साथ मिलकर सूर्या चौहान पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया था. गंभीर रूप से घायल सूर्या को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया और लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली.

पुलिस को चकमा दे रहा था असद

हत्या के विरोध में परिजन और कई हिंदू संगठनों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया था. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी. पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए मुकदमा दर्ज किया और पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया. इनमें से तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी असद लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था.

वसुंधरा क्षेत्र में दिखा मुख्य आरोपी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, असद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था और उसकी तलाश के लिए कई टीमें लगातार काम कर रही थीं. इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि वह अपने कुछ साथियों से पैसे लेकर शहर छोड़ने की तैयारी में है. सूचना मिलते ही पुलिस ने खोड़ा और आसपास के इलाकों में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया. वसुंधरा क्षेत्र में पुलिस को असद अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर दिखाई दिया, जिसके बाद उसे रोकने का प्रयास किया गया.

जवाबी कार्रवाई में ढेर

पुलिस का दावा है कि घिरता देख असद ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें असद गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मौके से एक अवैध देसी पिस्तौल और मोटरसाइकिल बरामद की गई है. वहीं, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस अब असद के आपराधिक रिकॉर्ड और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: नोएडा सेक्टर-59 की फैक्ट्री में लगी में भीषण आग, मौके पर पहुंचीं कई दमकल गाड़ियां, कई लोग घायल