अब फ्लाइट में चार्ज नहीं कर पाएंगे मोबाइल और लैपटॉप, एयरलाइन ने बदला नियम, जानें क्यों लिया ये फैसला

Powerbank Ban In Flights: एमिरेट्स एयरलाइंस ने 1 अक्टूबर 2025 से अपनी सभी फ्लाइट्स में पावर बैंक के उपयोग पर पूरी तरह से रोक लगा दी है.

Emirates bans power bank use on flights mobile phones and laptops can no longer be charged
Image Source: Freepik

Powerbank Ban In Flights: एमिरेट्स एयरलाइंस ने 1 अक्टूबर 2025 से अपनी सभी फ्लाइट्स में पावर बैंक के उपयोग पर पूरी तरह से रोक लगा दी है. अब यात्रियों को केवल एक पावर बैंक (100 वॉट-ऑवर से कम क्षमता वाला) ही कैरी-ऑन बैग में रखने की अनुमति होगी, लेकिन उड़ान के दौरान उसका इस्तेमाल या चार्ज करना मना है. इस नियम का उल्लंघन करने पर यात्रियों को कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है.

नई गाइडलाइन में क्या है खास?

नए नियम के मुताबिक, हर यात्री केवल एक ही पावर बैंक ले जा सकता है जिसकी पावर क्षमता 100Wh से कम हो. पावर बैंक पर इसकी क्षमता स्पष्ट रूप से लिखी होनी जरूरी है. उड़ान के दौरान पावर बैंक का इस्तेमाल या उसे चार्ज करना प्रतिबंधित है. इसका मकसद सुरक्षा को बढ़ाना और किसी भी दुर्घटना की आशंका को कम करना है.

पावर बैंक से जुड़ी अहम शर्तें

पावर बैंक को केवल कैरी-ऑन बैग में रखा जा सकता है, चेक-इन बैग में बिल्कुल नहीं. इसे ओवरहेड बिन में रखने की अनुमति नहीं है, यात्रियों को इसे अपनी सीट के नीचे या सीट पॉकेट में रखना होगा. पावर बैंक यात्रियों की पहुंच में होना चाहिए ताकि फ्लाइट क्रू आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई कर सके. अगर पावर बैंक में कोई खराबी या ओवरहीटिंग हो, तो यात्रियों को तुरंत क्रू को सूचित करना होगा.

क्यों उठाया गया यह सख्त कदम?

लिथियम-आयन बैटरी वाले पावर बैंक में थर्मल रनअवे का खतरा रहता है, यानी बैटरी का तापमान अचानक बढ़ सकता है जिससे आग लगने या धमाका होने की संभावना होती है. खासकर खराब गुणवत्ता वाले पावर बैंक में यह जोखिम अधिक होता है क्योंकि उनमें आवश्यक सुरक्षा फीचर्स नहीं होते. इसलिए, यात्रियों और फ्लाइट की सुरक्षा के लिए एमिरेट्स ने यह कड़ा नियम लागू किया है.

अन्य एयरलाइंस का भी कड़ा रुख

एमिरेट्स अकेली नहीं, बल्कि कई बड़ी एयरलाइंस जैसे सिंगापुर एयरलाइंस, कैथे पैसिफिक, कोरियन एयर, ईवीए एयर, चाइना एयरलाइंस और एयरएशिया ने भी पावर बैंक के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा रखा है. यह फैसले 2023 में एयर बुसान फ्लाइट में हुए आगजनी हादसे के बाद और भी सख्त हुए हैं, जिसमें 27 यात्री घायल हुए थे और पावर बैंक को इसकी वजह माना गया था.

यात्रियों के लिए सुझाव और सावधानियां

यात्रा से पहले अपने मोबाइल और लैपटॉप पूरी तरह चार्ज कर लें. फ्लाइट में उपलब्ध इन-सीट चार्जिंग पॉइंट का इस्तेमाल करें. केवल 100Wh से कम क्षमता वाले पावर बैंक का उपयोग करें और उसे कैरी-ऑन बैग में रखें. पावर बैंक को कभी भी चेक-इन बैग में न रखें. फ्लाइट क्रू के निर्देशों का पालन करें ताकि कोई परेशानी न हो. नियम का उल्लंघन करने पर पावर बैंक जब्त किया जा सकता है या बोर्डिंग से रोका जा सकता है.

ये भी पढ़ें: यूपी के 8 लाख कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, योगी सरकार देगी दिवाली का बोनस, खाते में आएंगे इतने रुपये