लखनऊ: दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों के चेहरे पर खुशियां लौटने वाली हैं. केंद्र सरकार की घोषणा के बाद अब यूपी सरकार भी अपने राज्य कर्मचारियों के लिए बोनस देने की तैयारियों में जुट गई है. अनुमान है कि 3400 से लेकर 7000 रुपये तक का बोनस कर्मचारियों को दिया जाएगा.
वित्त विभाग तैयार करेगा प्रस्ताव
इस बोनस योजना को लागू करने के लिए वित्त विभाग आवश्यक दस्तावेज तैयार कर रहा है. इसके लिए सरकार से औपचारिक सहमति ली जाएगी. यदि सब कुछ तय समय पर हुआ, तो अक्टूबर के दूसरे सप्ताह तक आदेश जारी कर दिया जाएगा. इसके बाद बोनस की राशि सीधे कर्मचारियों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी.
किन्हें मिलेगा इस योजना का लाभ?
इस बोनस का लाभ राजपत्रित राज्य कर्मचारी, दैनिक वेतन भोगी, और वर्कचार्ज कर्मचारी सभी को मिलेगा. इससे प्रदेश के लगभग 8 लाख कर्मचारियों को सीधा फायदा पहुंचेगा. सरकार इस योजना के लिए करीब 1000 करोड़ रुपये का बजट जारी करने की तैयारी में है.
कितना मिलेगा बोनस?
बोनस की राशि कर्मचारी की श्रेणी के अनुसार तय की जाएगी. सूत्रों के मुताबिक, 3400 रुपये से लेकर 7000 रुपये तक का बोनस तय किया गया है. यह रकम दीपावली से पहले कर्मचारियों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी.
महंगाई भत्ते में भी हो सकती है बढ़ोतरी
सूत्रों का यह भी कहना है कि सरकार केवल बोनस तक ही सीमित नहीं रहने वाली है. महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में भी बढ़ोतरी की घोषणा की जा सकती है. संभावना जताई जा रही है कि इस बार महंगाई भत्ते में 3% की वृद्धि की जाएगी, जिससे कर्मचारियों की सैलरी में और राहत मिलेगी.
ये भी पढ़ें: योगी राज में अपराध पर लगी लगाम! यूपी में 25 प्रतिशत घट गया क्राइम रेट, महिला हिंसा में भी आई कमी