चांद पर शहर बसाने जा रहे एलन मस्क, डेडलाइन भी बता दी, जानिए SpaceX की क्या है पूरी प्लानिंग

SpaceX Moon Mission: एलन मस्क अब मंगल से पहले चांद पर पहुंचने की तैयारी में जुट गए हैं. एलन मस्क ने कहा है कि वह अगले 10 साल के भीतर चांद पर एक शहर बसाना चाहते हैं. 

Elon Musk SpaceX plans to build a city on the moon
AI Generated

SpaceX Moon Mission: नासा-इसरो समेत दुनियाभर की स्पेस एजेंसियां अंतरिक्ष के लिए कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं. इनमें चांद से लेकर मंगल ग्रह तक के मिशन शामिल हैं. दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क की कंपनी SpaceX भी इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है. बता दें कि एलन मस्क लंबे समय से मंगल ग्रह पर शहर बसाने की बात कह रहे हैं. वहीं अब उन्होंने यूटर्न मार लिया है. एलन मस्क अब मंगल से पहले चांद पर पहुंचने की तैयारी में जुट गए हैं. एलन मस्क ने कहा है कि वह अगले 10 साल के भीतर चांद पर एक शहर बसाना चाहते हैं. 

मस्क ने बताया कि स्पेसएक्स ने फिलहाल मंगल ग्रह को बसाने की योजना को पीछे रखते हुए चांद पर शहर बनाने पर फोकस किया है. मस्क के मुताबिक, चांद पर शहर बसाने का लक्ष्य 10 साल से भी कम समय में पूरा किया जा सकता है, जबकि मंगल पर ऐसा करने में 20 साल से ज्यादा लग सकते हैं.

मस्क का कहना है कि मंगल ग्रह पर शहर बसाने की योजना खत्म नहीं हुई है, बल्कि वहां काम 5 से 7 साल में शुरू होगा, लेकिन इस समय प्राथमिकता चांद है. मस्क ने X पर लिखा कि चांद तक हर 10 दिन में लॉन्चिंग की जा सकती है और वहां पहुंचने में सिर्फ 2 दिन लगते हैं. इसके उलट मंगल तक जाने का मौका हर 26 महीने में ही मिलता है और वहां पहुंचने में करीब 6 महीने लगते हैं. इसी वजह से चांद पर तेजी से काम किया जा सकता है.

मस्क चांद पर शहर क्यों चाहते हैं?

मस्क ने कहा कि स्पेसएक्स का मकसद इंसानी जीवन को धरती से बाहर फैलाना है. मस्क का मानना है कि अगर भविष्य में धरती पर कोई बड़ा संकट आता है, तो मानव सभ्यता को बचाने के लिए चांद और मंगल जैसे ग्रहों पर बसना जरूरी होगा. हालांकि मस्क ने चांद पर बसने वाली सेल्फ-ग्रोइंग सिटी का पूरा प्लान साझा नहीं किया है. ऐसे में इस विषय पर कुछ भी बता पाना मुश्किल है. 

चांद पर कैसी सुविधाएं होंगी?

मस्क पहले भी कह चुके हैं कि भविष्य में बनने वाले अंतरिक्ष शहर पूरी तरह आत्मनिर्भर होने चाहिए. अगर किसी कारण धरती से सप्लाई बंद हो जाए, तब भी वहां रहने वाले लोग सुरक्षित रह सकें. इसके लिए सोलर एनर्जी से बिजली बनाई जाएगी, खेती की जाएगी, लोगों को रोजगार मिलेगा और वहां रहने वाले लोग खुद अपने फैसले ले सकेंगे. यानी यह शहर सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि एक पूरा सिस्टम होगा.

कब चांद पर मिशन भेजेगा स्पेसएक्स?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्पेसएक्स मार्च 2027 तक चांद पर लैंडिंग की कोशिश कर सकता है. यह मिशन बिना इंसानों के होगा. अगर यह मिशन सफल होता है, तो यह अमेरिका की तरफ से 1972 के अपोलो-17 मिशन के बाद पहली चंद्र लैंडिंग होगी. फिलहाल अमेरिका और चीन दोनों ही चांद पर दोबारा पहुंचने की दौड़ में लगे हुए हैं. नासा भी 2028 तक इंसानों को चांद पर भेजने की तैयारी कर रहा है. इसी बीच एलन मस्क ने यह भी बताया कि इस साल स्पेसएक्स की कुल कमाई में नासा का हिस्सा 5% से भी कम रहेगा. कंपनी की ज्यादातर कमाई स्टारलिंक इंटरनेट सर्विस से होगी.

ये भी पढ़ें: किस देश के पास है दुनिया की सबसे बड़ी सेना, टॉप पर नहीं हैं अमेरिका-रूस, लिस्ट में किस नंबर पर है भारत?