Online Betting App Case: देश में ऑनलाइन सट्टेबाजी के बढ़ते कारोबार पर शिकंजा कसते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अब अपनी जांच का दायरा खेल और फिल्म जगत तक बढ़ा दिया है. इसी कड़ी में भारत के दो पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर, युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा को भी पूछताछ के लिए समन भेजा गया है.
सूत्रों के अनुसार, ED ने रॉबिन उथप्पा को 22 सितंबर, जबकि युवराज सिंह को 23 सितंबर को तलब किया है. इन दोनों से पूछताछ दिल्ली स्थित ED मुख्यालय में की जाएगी. यही नहीं, अभिनेता सोनू सूद को भी इसी दिन जांच एजेंसी के सामने पेश होने को कहा गया है.
क्या है पूरा मामला?
ED की यह कार्रवाई एक कुख्यात ऑनलाइन बेटिंग ऐप ‘1xBet’ से जुड़ी है, जिस पर धोखाधड़ी, टैक्स चोरी और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर आरोप हैं. माना जा रहा है कि यह प्लेटफॉर्म भारतीय बाजार में अवैध रूप से काम कर रहा है और इसके माध्यम से करोड़ों रुपये का लेनदेन हुआ है.
अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि 1xBet ने कई मशहूर हस्तियों को ब्रांड प्रमोशन और विज्ञापन के लिए अनुबंधित किया था. ED अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि इन हस्तियों ने कंपनी के साथ कैसे करार किए, उन्हें कितनी रकम दी गई, और कहीं यह पैसा अवैध स्रोत से तो नहीं आया.
इससे पहले किन क्रिकेटरों से हो चुकी है पूछताछ?
युवराज और उथप्पा से पहले ED ने सुरेश रैना और शिखर धवन को भी इस केस में पूछताछ के लिए बुलाया था. अब तक की जांच में ED यह स्पष्ट करने की कोशिश कर रही है कि क्या ये खिलाड़ी केवल ब्रांड प्रमोशन तक सीमित थे, या फिर कंपनी के संचालन में उनकी कोई गहरी भागीदारी थी.
क्या है 1xBet?
1xBet खुद को एक वैश्विक बेटिंग प्लेटफॉर्म बताता है, जो करीब 70 भाषाओं में अपनी सेवाएं देता है. इसकी वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर सैकड़ों खेल आयोजनों पर दांव लगाया जा सकता है. हालांकि भारत में इस तरह की सट्टेबाजी कानूनी रूप से प्रतिबंधित है, लेकिन यह ऐप कथित रूप से VPN और विदेशी होस्टिंग के माध्यम से अपनी सेवाएं भारतीय उपभोक्ताओं को दे रहा था.
ED किस आधार पर कर रही है जांच?
इस पूरे मामले की जांच धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के अंतर्गत की जा रही है. ED का मानना है कि इस ऐप के जरिए देश से बड़ी मात्रा में धन बाहर भेजा गया है और इसमें टैक्स की चोरी भी की गई है.
यह भी पढ़ें- चीन-पाकिस्तान के उड़े होश! 40 देशों के साथ भारतीय नेवी का स्पेशल प्लान, जानें क्या है पूरा मामला