बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान पूरा हो चुका है और चुनाव आयोग ने अब इसका फाइनल आंकड़ा जारी कर दिया है. चुनाव आयोग के अनुसार, पहले फेज में कुल 65.8% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो पहले जारी किए गए आंकड़ों से अधिक है. इस नए डेटा के साथ ही पहले चरण की वोटिंग ने 75 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया और बिहार के चुनाव इतिहास में नया अध्याय जुड़ गया.
वोटिंग प्रतिशत में बदलाव
पहले चरण की वोटिंग के दिन चुनाव आयोग ने प्रारंभिक आंकड़ा 64.66% के रूप में साझा किया था. उस समय यह डेटा अनंतिम (प्रारंभिक) माना गया था और मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) विनोद सिंह गुंजियाल ने स्पष्ट किया था कि फाइनल आंकड़े आने के बाद प्रतिशत में थोड़ा अंतर हो सकता है.
Press Note
— Chief Electoral Officer, Bihar (@CEOBihar) November 7, 2025
07.11.2025 pic.twitter.com/qNslczNVEH
अब जारी फाइनल डेटा के अनुसार 65.8% वोटिंग हुई, यानी पहले के प्रारंभिक आंकड़े से लगभग 1.14% अधिक.
6 नवंबर 2025 को बिहार के 18 जिलों के 121 विधानसभा क्षेत्रों में पहले चरण का मतदान संपन्न हुआ.
यह प्रतिशत पिछले चुनावों से भी अधिक है. 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में राज्य का औसत मतदान 57.29% था, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में यह 56.28% दर्ज किया गया था.
चुनाव आयोग ने इस बढ़े हुए मतदान प्रतिशत को मतदाताओं की बढ़ी जागरूकता और चुनाव में उत्साह का संकेत बताया.
पहले चरण की वोटिंग का अनुभव
मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हुआ. हालांकि कुछ स्थानों पर छोटे-मोटे तकनीकी या प्रशासनिक समस्याएं देखी गईं, लेकिन किसी भी क्षेत्र से बड़ी गड़बड़ी की रिपोर्ट नहीं आई.
गुंजियाल ने बताया कि पहले दिन जारी किए गए आंकड़े कुल 45,341 मतदान केंद्रों में से 41,943 केंद्रों की सूचना पर आधारित थे. अंतिम आंकड़ा आने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि पहले चरण में मतदान प्रतिशत अनुमान से अधिक था.
अगले चरण और नतीजे
विशेषज्ञों का कहना है कि पहले फेज का यह रिकॉर्ड राजनीतिक दलों और विश्लेषकों दोनों के लिए महत्वपूर्ण संकेत है. उच्च मतदान प्रतिशत यह दर्शाता है कि मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं और चुनाव में उनकी भागीदारी में निरंतर वृद्धि हो रही है.
रिकॉर्ड और तुलना
चुनाव आयोग ने भी इस बढ़ती भागीदारी को लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत बताया और सभी राजनीतिक दलों से मतदान प्रक्रिया का सम्मान करने की अपील की है.
ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में सेना की बड़ी कार्रवाई, घुसपैठ की कोशिश कर रहे दो आतंकवादियों को मार गिराया