Philippines Earthquake: फिलीपींस में 8.2 तीव्रता का भूकंप, इंडोनेशिया तक सुनामी की चेतावनी, देखें Video

फिलीपींस के दक्षिणी क्षेत्र मिंडानाओ में सोमवार सुबह आए शक्तिशाली भूकंप ने लोगों में दहशत पैदा कर दी. भूकंप की तीव्रता 8.2 दर्ज की गई, जिसके बाद फिलीपींस और इंडोनेशिया के कई तटीय क्षेत्रों में सुनामी को लेकर चेतावनी जारी कर दी गई.

Earthquake in Philippines Mindanao tsunami warning watch video
Image Source: Social Media

Philippines Earthquake: फिलीपींस के दक्षिणी क्षेत्र मिंडानाओ में सोमवार सुबह आए शक्तिशाली भूकंप ने लोगों में दहशत पैदा कर दी. भूकंप की तीव्रता 8.2 दर्ज की गई, जिसके बाद फिलीपींस और इंडोनेशिया के कई तटीय क्षेत्रों में सुनामी को लेकर चेतावनी जारी कर दी गई. प्रशासन ने समुद्र किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और सतर्क रहने की अपील की है.

जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था. कम गहराई होने के कारण झटके काफी तीव्र महसूस किए गए और कई इलाकों में लोग घरों और इमारतों से बाहर निकल आए.

तीव्रता को लेकर अलग-अलग एजेंसियों के आंकड़े

जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) ने शुरुआत में भूकंप की तीव्रता 7.2 बताई थी, लेकिन बाद में इसे संशोधित कर 8.2 कर दिया. वहीं, अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने संभावित खतरनाक समुद्री लहरों को देखते हुए अलर्ट जारी किया है.

दूसरी ओर, इंडोनेशिया की जियोफिजिकल एजेंसी ने इस भूकंप की तीव्रता 7.7 मापी है. एजेंसी ने देश के उत्तर-पूर्वी तटीय इलाकों के लिए सुनामी चेतावनी जारी करते हुए नागरिकों को आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है.

एक मीटर तक ऊंची लहरों की आशंका

फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्कानोलॉजी एंड सिस्मोलॉजी (PHIVOLCS) ने भूकंप की तीव्रता 7.0 आंकी है. एजेंसी ने चेतावनी दी है कि समुद्र में लगभग एक मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं और इनका असर कई घंटों तक बना रह सकता है.

अब तक बड़े नुकसान की सूचना नहीं

फिलीपींस और इंडोनेशिया से फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान या हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि, भूकंप के केंद्र के आसपास के क्षेत्रों में तेज झटके महसूस किए गए हैं, जिससे संभावित नुकसान की आशंका बनी हुई है.

स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. समुद्र के जलस्तर की निगरानी की जा रही है और लोगों को समुद्र तटों से दूर रहने की सलाह दी गई है.

आफ्टरशॉक का भी खतरा

PHIVOLCS ने चेतावनी दी है कि मुख्य भूकंप के बाद आने वाले घंटों और दिनों में कई आफ्टरशॉक महसूस किए जा सकते हैं. इनमें कुछ झटके काफी मजबूत भी हो सकते हैं. अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल सरकारी एजेंसियों द्वारा जारी जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है.

फिलीपींस में बार-बार क्यों आते हैं भूकंप?

फिलीपींस भौगोलिक रूप से प्रशांत महासागर के 'रिंग ऑफ फायर' क्षेत्र में स्थित है. यह दुनिया का वह इलाका है जहां टेक्टोनिक प्लेटों की गतिविधियां सबसे अधिक होती हैं. इसी वजह से यहां अक्सर भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोट जैसी प्राकृतिक घटनाएं देखने को मिलती हैं.

इसके अलावा, यह देश हर वर्ष कई शक्तिशाली तूफानों और चक्रवातों का भी सामना करता है, जिससे यहां प्राकृतिक आपदाओं का खतरा लगातार बना रहता है.