DSSSB Recuritment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. दिल्ली में नौकरी पाने का सपना देख रहे उम्मीदवारों के लिए दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (DSSSB) ने विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है. ग्रुप बी और ग्रुप सी के कुल 1979 पदों पर नियुक्तियों के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है. इस भर्ती अभियान के माध्यम से शिक्षा, तकनीकी, प्रशासनिक और वैज्ञानिक क्षेत्रों से जुड़े कई पदों को भरा जाएगा. इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
कब शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया?
डीएसएसएसबी की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 जून 2026 से शुरू होगी और 15 जुलाई 2026 तक चलेगी. उम्मीदवार DSSSB की आधिकारिक वेबसाइट dsssb.delhi.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकेंगे. बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले संबंधित पद की पात्रता, आयु सीमा और शैक्षणिक योग्यता को ध्यानपूर्वक पढ़ लें.
कई विभागों में होगी नियुक्ति
यह भर्ती दिल्ली सरकार के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों के लिए आयोजित की जा रही है. इनमें फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी, शिक्षा निदेशालय, दिल्ली अभिलेखागार, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, श्रम विभाग और नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) सहित कई संस्थान शामिल हैं. भर्ती के माध्यम से योग्य उम्मीदवारों को अलग-अलग पदों पर नियुक्त किया जाएगा.
टीजीटी कंप्यूटर साइंस के सबसे ज्यादा पद
इस भर्ती अभियान में जूनियर साइंटिफिक असिस्टेंट, आईटी असिस्टेंट, टीजीटी कंप्यूटर साइंस, स्पेशल एजुकेटर, डोमेस्टिक साइंस टीचर, फिटर ग्रेड-II, लिफ्ट ऑपरेटर, इलेक्ट्रिकल ओवरसीयर और सब-इंस्पेक्टर जैसे कई पद शामिल हैं.
सबसे अधिक रिक्तियां टीजीटी कंप्यूटर साइंस के लिए निकाली गई हैं, जिनकी संख्या 675 है. इसके अलावा स्पेशल एजुकेटर (प्राइमरी) के 450 पदों पर भी भर्ती की जाएगी. ऐसे में शिक्षण क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले उम्मीदवारों के लिए यह शानदार अवसर माना जा रहा है.
आवेदन शुल्क में विशेष वर्गों को राहत
भर्ती के लिए आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये निर्धारित किया गया है. वहीं महिला उम्मीदवारों, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), दिव्यांगजन (PwD) और पूर्व सैनिकों को आवेदन शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है.
फीस का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा और इसके लिए एसबीआई ई-पे सुविधा का उपयोग करना होगा. आवेदन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे.
पदों के अनुसार तय की गई शैक्षणिक योग्यता
डीएसएसएसबी भर्ती में शामिल विभिन्न पदों के लिए योग्यता भी अलग-अलग निर्धारित की गई है. कुछ पदों के लिए मान्यता प्राप्त संस्थान से मास्टर डिग्री आवश्यक है, जबकि तकनीकी और व्यावसायिक पदों के लिए आईटीआई, डिप्लोमा या इंजीनियरिंग डिग्री मांगी गई है.
इसी तरह आयु सीमा भी पद के अनुसार तय की गई है, जो न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 37 वर्ष तक रखी गई है. आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को सरकार के नियमानुसार आयु में छूट का लाभ मिलेगा.
आकर्षक वेतन का मिलेगा लाभ
चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार वेतन दिया जाएगा. पद के आधार पर वेतनमान लेवल-2 से लेकर लेवल-7 तक निर्धारित किया गया है. शुरुआती वेतन करीब 19,900 रुपये प्रतिमाह से शुरू होकर कुछ पदों पर 1.42 लाख रुपये प्रतिमाह तक पहुंच सकता है. ऐसे में यह भर्ती न केवल सरकारी नौकरी का अवसर प्रदान कर रही है, बल्कि बेहतर वेतन और करियर ग्रोथ की संभावनाएं भी लेकर आई है.
ये भी पढ़ें: राजस्थान में निकली स्कूल लेक्चरर के पदों पर भर्ती, योग्यता से लेकर चयन प्रक्रिया तक... जानें सब कुछ