RPSC Teacher Bharti 2026: राजस्थान में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने स्कूल लेक्चरर (स्पेशल) के पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. इस भर्ती के जरिए योग्य अभ्यर्थियों को राज्य के विभिन्न स्कूलों में लेक्चरर के पदों पर नियुक्ति का मौका मिलेगा. आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
30 जून तक भरे जा सकेंगे आवेदन
आरपीएससी की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार स्कूल लेक्चरर (स्पेशल) भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं. अभ्यर्थी 30 जून 2026 तक आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं. आयोग ने उम्मीदवारों को आवेदन फॉर्म में सुधार का अवसर भी उपलब्ध कराया है, जिससे किसी प्रकार की त्रुटि होने पर उसे ठीक किया जा सके. भर्ती परीक्षा का आयोजन 6 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है.
शैक्षणिक योग्यता क्या होनी चाहिए?
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से संबंधित विषय में स्नातकोत्तर (पोस्ट ग्रेजुएट) डिग्री प्राप्त होना आवश्यक है. अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास, समाजशास्त्र सहित अन्य निर्धारित विषयों में मास्टर डिग्री रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. इसके साथ ही उम्मीदवार के पास बीएड (B.Ed.) की डिग्री होना भी अनिवार्य है.
इसके अलावा अभ्यर्थियों को हिंदी भाषा की देवनागरी लिपि में कार्य करने का व्यावहारिक ज्ञान होना चाहिए. राजस्थान की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय परिवेश की समझ को भी पात्रता का महत्वपूर्ण हिस्सा माना गया है.
आयु सीमा से जुड़ी अहम जानकारी
स्कूल लेक्चरर पदों पर आवेदन करने के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित की गई है. वहीं अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष तय की गई है. राज्य सरकार के नियमों के अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अन्य आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को आयु सीमा में नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी.
आवेदन शुल्क कितना देना होगा?
भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा. सामान्य वर्ग और ओबीसी श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपये रखा गया है. वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और दिव्यांग उम्मीदवारों को 400 रुपये शुल्क देना होगा.
लिखित परीक्षा के आधार पर होगा चयन
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा. परीक्षा दो अलग-अलग पेपरों में आयोजित होगी. पहले पेपर में 150 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे, जबकि दूसरे पेपर का कुल अंक भार 300 होगा.
पेपर-1 के लिए अभ्यर्थियों को 1 घंटा 30 मिनट का समय मिलेगा, जबकि पेपर-2 की अवधि 3 घंटे निर्धारित की गई है. दोनों पेपरों में प्रदर्शन के आधार पर अभ्यर्थियों की मेरिट तैयार की जाएगी और आगे की चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
ये भी पढ़ें: सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका! इलाहाबाद हाईकोर्ट में 543 पदों पर वैकेंसी, 1.51 लाख तक मिलेगी सैलरी