यूक्रेन के स्वतंत्रता दिवस पर रूस में धमाके! Ozon के ठिकानों पर ड्रोन बरसाकर मनाया आजादी का जश्न

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन ने रूस के लॉजिस्टिक्स और कारोबारी ढांचे पर ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं. 24 अगस्त को यूक्रेनी ड्रोन ने लगातार तीसरी रात रूस की बड़ी ऑनलाइन कंपनी Ozon के लॉजिस्टिक्स केंद्रों को निशाना बनाया.

Drones attack Ozon logistics bases in Russia on Ukraine Independence Day
Image Source: Social Media

Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन ने रूस के लॉजिस्टिक्स और कारोबारी ढांचे पर ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं. 24 अगस्त को यूक्रेनी ड्रोन ने लगातार तीसरी रात रूस की बड़ी ऑनलाइन कंपनी Ozon के लॉजिस्टिक्स केंद्रों को निशाना बनाया. अलग-अलग रिपोर्टों के अनुसार, क्रास्नोडार, नेविन्नोमिस्क और दागिस्तान के ट्यूबे में Ozon से जुड़े ठिकानों पर हमले हुए और कई जगह आग लग गई.

Ozon रूस की बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों में से एक है और इसे रूस के अमेजन के तौर पर भी देखा जाता है. सबसे बड़ी खबर क्रास्नोडार क्षेत्र से आई, जहां ड्रोन का मलबा बच्चों की देखभाल करने वाले एक केंद्र पर गिर गया. इस घटना में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि सात बच्चे और दो वयस्क घायल हुए हैं. रूस के अधिकारियों ने हमलों के लिए यूक्रेनी ड्रोन को जिम्मेदार बताया है. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

यूक्रेन के स्वतंत्रता दिवस पर हमला

24 अगस्त को यूक्रेन अपना स्वतंत्रता दिवस मनाता है. इसी दिन रूस के अंदर Ozon के लॉजिस्टिक्स नेटवर्क पर लगातार तीसरी रात हमले की खबर सामने आई. पिछले कुछ दिनों से Ozon के अलग-अलग केंद्र यूक्रेनी ड्रोन के निशाने पर हैं.

22 अगस्त को समारा क्षेत्र में Ozon के एक केंद्र पर हमला हुआ था. इसके बाद 23 अगस्त की रात ऑरेनबर्ग में भी कंपनी के लॉजिस्टिक्स ढांचे को निशाना बनाए जाने की खबर आई. इससे पहले यूक्रेन रूस की दूसरी बड़ी ऑनलाइन कंपनी Wildberries के ठिकानों पर भी हमला कर चुका है.

इन हमलों से संकेत मिलता है कि यूक्रेन का निशाना अब सिर्फ तेल और सैन्य ठिकाने नहीं हैं. वह रूस की लॉजिस्टिक्स व्यवस्था और आर्थिक सप्लाई चेन को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है.

क्रास्नोडार में ड्रोन के मलबे से बच्चों की मौत

क्रास्नोडार क्षेत्र के गवर्नर वेनियामिन कोंद्रात्येव के मुताबिक, ड्रोन का मलबा एक बच्चों की देखभाल वाले केंद्र पर गिरा. इस घटना में दो बच्चों की मौत हुई और सात बच्चे समेत दो अन्य लोग घायल हुए.

गवर्नर ने बताया कि ड्रोन का मलबा रिहायशी इमारतों और निर्माणाधीन अपार्टमेंट पर भी गिरा. कुछ जगह ड्रोन हमलों के बाद गोदामों में आग लगने की खबर है.

क्रास्नोडार रूस के काला सागर तट के पास है और यूक्रेन के नियंत्रण वाले इलाकों से काफी दूर है. ऐसे में यहां तक ड्रोन का पहुंचना यूक्रेन की लंबी दूरी तक हमला करने की क्षमता को दिखाता है.

एक रात में Ozon के तीन ठिकानों पर हमला

रिपोर्टों के मुताबिक, रूस के दक्षिणी हिस्से में Ozon से जुड़े कम से कम तीन लॉजिस्टिक्स केंद्रों को निशाना बनाया गया. पहला केंद्र अदिगेया गणराज्य के एनेम गांव के पास बताया गया है.

दूसरा स्टावरोपोल क्षेत्र के नेविन्नोमिस्क में था. स्थानीय गवर्नर व्लादिमीर व्लादिमीरोव ने औद्योगिक इलाके में ड्रोन हमले की पुष्टि की है. तीसरा केंद्र दागिस्तान के ट्यूबे में बताया गया, जहां Ozon की सुविधा में आग लगने की खबर सामने आई.

रूस ने भी फैक्ट्री पर हमला किया

दूसरी ओर रूस की ओर से यूक्रेन में हमले जारी हैं. यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा के मुताबिक, रूस ने 23 अगस्त को सूमी क्षेत्र के ट्रोस्त्यानेत्स शहर में अमेरिकी कंपनी मोंडेलेज इंटरनेशनल की फैक्ट्री को निशाना बनाया.

सिबिहा के अनुसार, दो रूसी ड्रोन हमलों में फैक्ट्री को नुकसान पहुंचा और कई कर्मचारी घायल हुए. मोंडेलेज इंटरनेशनल की प्रमुख कंपनियों में ओरेओ, कैडबरी, रिट्ज और टोबलरोन जैसे ब्रांड शामिल हैं.

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान में लगातार 3 रात उतरे तुर्की के विमान, पहुंची ड्रोन और हथियारों की खेप! भारत के खिलाफ तैयारी?