भारत ने अग्नि-1 बैलिस्टिक मिसाइल का किया सफल परीक्षण, खूबियां ऐसी कि कांप जाएंगे दुश्मन

भारत ने एक बार फिर दुनिया को अपनी मजबूत रक्षा क्षमता का एहसास करा दिया है. शुक्रवार शाम ओडिशा के तट पर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से भारत की स्वदेशी बैलिस्टिक मिसाइल ‘अग्नि-1’ का सफल परीक्षण किया गया.

DRDO successfully test-fires Agni-1 ballistic missile
Image Source: Social Media

भारत ने एक बार फिर दुनिया को अपनी मजबूत रक्षा क्षमता का एहसास करा दिया है. शुक्रवार शाम ओडिशा के तट पर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से भारत की स्वदेशी बैलिस्टिक मिसाइल ‘अग्नि-1’ का सफल परीक्षण किया गया. शाम करीब 6:30 बजे एकीकृत परीक्षण रेंज (ITR) से हुए इस लॉन्च ने भारत की सामरिक ताकत को और मजबूती दी है. रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन यानी DRDO द्वारा विकसित यह मिसाइल भारतीय सेना की रणनीतिक क्षमता का अहम हिस्सा मानी जाती है. परीक्षण के दौरान मिसाइल ने अपने सभी निर्धारित लक्ष्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया.

परमाणु और पारंपरिक हथियार ले जाने में सक्षम ‘अग्नि-1’

‘अग्नि-1’ भारत की पूरी तरह स्वदेशी शॉर्ट रेंज बैलिस्टिक मिसाइल है, जिसे विशेष रूप से सामरिक जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. यह मिसाइल परमाणु हथियारों के साथ-साथ पारंपरिक विस्फोटकों को भी ले जाने में सक्षम है. भारतीय सशस्त्र बलों की स्ट्रैटेजिक फोर्सेस कमांड (SFC) इसका संचालन करती है. रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के सफल परीक्षण भारत की न्यूक्लियर डिटरेंस क्षमता को और अधिक मजबूत बनाते हैं और दुश्मन देशों के लिए स्पष्ट संदेश भी देते हैं.

1200 किलोमीटर तक मार करने में सक्षम

‘अग्नि-1’ मिसाइल की सबसे बड़ी खासियत इसकी सटीक मारक क्षमता है. यह 700 से 1200 किलोमीटर की दूरी तक मौजूद दुश्मन के ठिकानों को बेहद सटीकता से निशाना बना सकती है. करीब 12 मीटर लंबी और लगभग 12 टन वजनी यह मिसाइल अपने साथ 1000 किलोग्राम तक का पेलोड ले जाने में सक्षम है. इसमें ठोस ईंधन यानी सॉलिड प्रोपेलेंट का इस्तेमाल किया गया है, जिसकी वजह से इसे बेहद कम समय में लॉन्च के लिए तैयार किया जा सकता है. यही वजह है कि युद्ध जैसी आपात परिस्थितियों में यह मिसाइल भारतीय सेना के लिए बेहद अहम साबित होती है.

रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की बड़ी उपलब्धि

ओडिशा स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप पर लगातार किए जा रहे मिसाइल परीक्षण भारत की रक्षा तकनीक में बढ़ती आत्मनिर्भरता को दर्शाते हैं. ‘अग्नि-1’ का यह सफल परीक्षण केवल एक सैन्य उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत की वैज्ञानिक क्षमता और रणनीतिक तैयारी का भी प्रतीक है. पिछले कुछ वर्षों में भारत ने मिसाइल तकनीक, रक्षा उपकरणों और आधुनिक हथियार प्रणालियों में तेजी से प्रगति की है. ऐसे में ‘अग्नि-1’ का सफल परीक्षण यह साबित करता है कि भारत अब रक्षा क्षेत्र में वैश्विक ताकतों के बराबर खड़ा होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.

ये भी पढ़ें: Rajya Sabha Election 2026: 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर चुनाव का ऐलान, जानें कब होगी वोटिंग