PM मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले विक्रम को मिली CRPF सुरक्षा, पाकिस्तान-बांग्लादेश से मिल रही धमकी

विक्रम का दावा है कि उन्हें पाकिस्तान और बांग्लादेश से लगातार धमकी भरे फोन और मैसेज मिल रहे हैं, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. उनकी दुकान के बाहर अब सीआरपीएफ के जवान तैनात नजर आ रहे हैं.

West Bengal PM Modi Jhalmuri Vendor Get CRPF Security After Threat Call
Image Source: ANI

Jhalmuri Vendor Get Security After Threat Call: पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान एक छोटी-सी झालमुड़ी की दुकान अचानक पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई थी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारग्राम में चुनावी सभा के बाद वहां रुककर झालमुड़ी खाई थी. उस वक्त यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी और लोग उस दुकानदार के बारे में जानने लगे थे. लेकिन अब उसी दुकानदार विक्रम साहू से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. विक्रम का दावा है कि उन्हें पाकिस्तान और बांग्लादेश से लगातार धमकी भरे फोन और मैसेज मिल रहे हैं, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. उनकी दुकान के बाहर अब सीआरपीएफ के जवान तैनात नजर आ रहे हैं.

पाकिस्तान और बांग्लादेश से आ रहे धमकी भरे कॉल

झालमुड़ी विक्रेता विक्रम साहू ने बताया कि उन्हें पाकिस्तान से लगातार फोन कर धमकियां दी जा रही हैं. उन्होंने कहा कि फोन करने वाले लोग उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दे रहे हैं. विक्रम के मुताबिक, उन्होंने कभी किसी को कोई जवाब नहीं दिया और केवल फोन काट देते हैं. उन्होंने यह भी बताया कि अब बांग्लादेश से भी कॉल आ रहे हैं, जिनमें उनसे पूछा जा रहा है कि वह जिंदा हैं या नहीं. विक्रम का कहना है कि लगातार अनजान नंबरों से फोन आ रहे हैं और उनमें अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है. इसके अलावा व्हाट्सएप पर भी आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं, जिससे वह काफी परेशान हैं.

‘मुझे डर लगता है’

विक्रम साहू ने कहा कि इन घटनाओं के बाद वह काफी डरे हुए हैं. उन्होंने बताया कि वह रोज साइकिल से अकेले घर जाते हैं और परिवार में कमाने वाले अकेले सदस्य हैं. ऐसे में लगातार मिल रही धमकियों ने उनकी चिंता बढ़ा दी है. विक्रम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करते हुए कहा कि उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखा जाए. उनका कहना है कि वह केवल एक सामान्य दुकानदार हैं और किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहते, लेकिन लगातार मिल रही धमकियों के कारण उनका जीवन प्रभावित हो रहा है.

शिकायत के बाद मिली सुरक्षा

विक्रम ने बताया कि उन्होंने इन धमकी भरे कॉल और मैसेज की शिकायत पुलिस प्रशासन से की थी. शिकायत के बाद अधिकारियों ने उन्हें सुरक्षा देने का आश्वासन दिया और अब उनकी दुकान के बाहर सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है. कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें जवान उनकी दुकान के बाहर पहरा देते दिखाई दे रहे हैं. 

ये भी पढ़ें: गुरुग्राम में ट्रांसफार्मर जलने से 7 पावर स्टेशन बंद; अंधेरे में डूबे कई इलाके, रैपिड मेट्रो सेवा बाधित