सजा के बीच सज गया मंडप! पैरोल पर बाहर आते ही DP यादव के बेटे विकास ने रचाई शादी, हर्षिका संग लिए 7 फेरे

उत्तर प्रदेश के बाहुबली और पूर्व राज्य मंत्री डीपी यादव के बेटे विकास यादव ने शुक्रवार को हर्षिका यादव से शादी की. 54 वर्षीय विकास यादव और 28 वर्षीय हर्षिका यादव की शादी गाजियाबाद के राजनगर में आर्य समाज के धार्मिक अनुष्ठानों के तहत हुई.

DP Yadav s son Vikas convicted in Nitish Katara murder marries in a simple ceremony
Image Source: Social Media

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के बाहुबली और पूर्व राज्य मंत्री डीपी यादव के बेटे विकास यादव ने शुक्रवार को हर्षिका यादव से शादी की. 54 वर्षीय विकास यादव और 28 वर्षीय हर्षिका यादव की शादी गाजियाबाद के राजनगर में आर्य समाज के धार्मिक अनुष्ठानों के तहत हुई. खास बात यह है कि विकास यादव को बीमार मां की सेवा के लिए कोर्ट से पैरोल मिली हुई है, जिसके बाद उन्होंने यह अहम फैसला लिया. दोनों की सगाई जुलाई में ही हुई थी और शादी को बेहद साधारण तरीके से संपन्न किया गया.

कौन हैं हर्षिका यादव?

28 वर्षीय हर्षिका यादव फिरोजाबाद जिले की रहने वाली हैं. उनके पिता उदयराज सिंह शिकोहाबाद इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य रह चुके हैं. हर्षिका ने शिकोहाबाद के ओम डिग्री कॉलेज से स्नातक की डिग्री प्राप्त की है और फिलहाल एमसीए की पढ़ाई कर रही हैं. हर्षिका का परिवार मुलायम सिंह यादव के करीबी रिश्तेदारों में आता है, उनके पिता मुलायम सिंह यादव के भतीजे हैं.

विकास को मिली पैरोल

विकास यादव को अपनी मां पूर्व विधायक उमलेश देवी की देखभाल के लिए कोर्ट से पैरोल मिली है. उनकी मां की तबीयत कुछ खास अच्छी नहीं है और उनका इलाज यशोदा अस्पताल में चल रहा है. रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन भी हो चुका है. परिवार की जिम्मेदारी को देखते हुए विकास ने अपनी शादी का फैसला लिया ताकि मां की देखभाल के साथ-साथ परिवार को भी संवार सकें.

राजनीतिक रिश्तों का जाल

हर्षिका यादव का परिवार मुलायम सिंह यादव से जुड़ा हुआ है. मुलायम सिंह यादव ने पहले हर्षिका के पिता के परिवार को अपनी जमीन सौंपकर सैफई में बसाया था. इस रिश्ते की गहराई ने इस शादी को राजनीतिक और सामाजिक रूप से भी खास महत्व दे दिया है.

नीतीश कटारा हत्याकांड का साया

विकास यादव और उनके भाई विशाल यादव पर नीतीश कटारा हत्याकांड का आरोप लगा था. यह मामला 2002 का है जब नीतीश कटारा की हत्या हुई थी. आरोप के तहत 2008 में दोनों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी, बाद में दिल्ली हाई कोर्ट ने इसे 25 साल की सजा में बदल दिया. इस संवेदनशील मामले के बीच भी विकास यादव की शादी ने एक नई शुरुआत की संभावना दिखाई है.

ये भी पढ़ें: टीचर्स डे पर सीएम योगी का बड़ा ऐलान, यूपी में अब शिक्षकों को मिलेगा अब कैशलेस इलाज