ग्रेटर नोएडा के कप्पा-2 सेक्टर में प्रस्तावित मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क के लिए जमीन की नीलामी में दुबई की कंपनी DP World ने बाजी मार ली है. कंपनी ने 15,180 रुपये प्रति वर्गमीटर की सबसे ऊंची बोली लगाकर जमीन हासिल की है. इस दौड़ में अदाणी समूह समेत कुल तीन कंपनियां शामिल थीं. प्राधिकरण ने जमीन के लिए 11,000 रुपये प्रति वर्गमीटर का आरक्षित मूल्य तय किया था.
174 एकड़ में बनेगा आधुनिक लॉजिस्टिक पार्क
बोड़ाकी में प्रस्तावित मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के साथ इस लॉजिस्टिक पार्क को करीब 174.12 एकड़ में विकसित किया जाएगा. परियोजना में 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का अनुमान है और इससे करीब 5,000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है. एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना होने के कारण इसके नियम, शर्तों और ब्रोशर को पहले ही प्रदेश कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है.
कैबिनेट मंजूरी के बाद होगा जमीन आवंटन
नीलामी के बाद जमीन आवंटन की प्रक्रिया अब शासन स्तर पर आगे बढ़ेगी. उच्चस्तरीय समिति की मंजूरी के बाद प्रस्ताव प्रदेश कैबिनेट के सामने रखा जाएगा और स्वीकृति मिलने पर कंपनी को औपचारिक आवंटन पत्र जारी किया जाएगा. तय शर्तों के मुताबिक परियोजना को सात साल में पूरा करना होगा, जबकि शुरुआती तीन वर्षों में कम से कम 40 प्रतिशत काम पूरा करना अनिवार्य होगा.
सड़क-रेल कनेक्टिविटी से कारोबार को मिलेगा फायदा
मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क में आधुनिक वेयरहाउसिंग, कोल्ड स्टोरेज, कंटेनर टर्मिनल, मशीनीकृत कार्गो हैंडलिंग और कस्टम क्लीयरेंस जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. यह पार्क सड़क और रेल नेटवर्क से जुड़ा होगा, जबकि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी का भी इसे लाभ मिलेगा. इससे उद्यमियों और कारोबारियों के लिए माल की ढुलाई ज्यादा तेज, आसान और किफायती होने की उम्मीद है.