वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की कम ब्याज दरों और आर्थिक विकास दर की तारीफ की है. उन्होंने अमेरिकी सेंट्रल बैंक यानी फेडरल रिजर्व को भारत से सीखने की सलाह दी. ट्रंप का कहना है कि अगर अमेरिका में भी ब्याज दरें कम रखी जाएं, तो देश की अर्थव्यवस्था 15 से 20 फीसदी तक की रफ्तार से बढ़ सकती है. उन्होंने फेडरल रिजर्व पर आरोप लगाया कि जब भी अमेरिका के आर्थिक आंकड़े अच्छे आते हैं, बैंक ब्याज दरें बढ़ाकर विकास की राह में रुकावट डाल देता है.
फेडरल रिजर्व पर लगाया राजनीति करने का आरोप
व्हाइट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतियों पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अमेरिका में ब्याज दरें दुनिया के दूसरे देशों के मुकाबले सबसे कम होनी चाहिए. इस दौरान उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी मौजूद थे.
ट्रंप ने फेडरल रिजर्व को राजनीतिक बताते हुए कहा कि ब्याज दरें ज्यादा होने की वजह से अमेरिका की आर्थिक तरक्की प्रभावित हो रही है. उन्होंने कहा कि वह इसके लिए सिर्फ फेडरल रिजर्व के चेयरमैन को जिम्मेदार नहीं मानते, बल्कि पूरी संस्था की नीतियों से परेशान हैं.
भारत की 7% ग्रोथ का दिया उदाहरण
ट्रंप ने भारत की करीब 7 फीसदी आर्थिक विकास दर का जिक्र करते हुए कहा कि वहां ब्याज दरें कम हैं और अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है. उनके मुताबिक, अगर अमेरिका भी कम ब्याज दरों की नीति अपनाए तो उसकी विकास दर 14, 15 या यहां तक कि 20 फीसदी तक पहुंच सकती है.
ट्रंप ने कहा, "भारत को देखिए. वहां ब्याज दरें कम हैं और जीडीपी 7 फीसदी की दर से बढ़ रही है. अगर हम भी ऐसा करें तो हमारी जीडीपी विकास दर 14, 15 या शायद 20 फीसदी तक पहुंच सकती है. यह दुखद है कि जब हमारा प्रदर्शन अच्छा होता है, तब ब्याज दरें बढ़ा दी जाती हैं."
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिका के अच्छे आर्थिक आंकड़े आने पर फेडरल रिजर्व ब्याज दरें बढ़ा देता है, जबकि ऐसे समय में दरों को कम किया जाना चाहिए.
ब्याज दरें घटाने के पक्ष में ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ने फेडरल रिजर्व के पूर्व चेयरमैन एलन ग्रीनस्पैन की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि ग्रीनस्पैन अपने कार्यकाल के दौरान अच्छे आर्थिक आंकड़े आने पर ब्याज दरें कम कर देते थे. ट्रंप के मुताबिक, यह अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने का सही तरीका था.
ट्रंप ने कहा कि जब आर्थिक आंकड़े अच्छे होते हैं, तो कर्ज लेने की स्थिति भी बेहतर होती है. ऐसे में ब्याज दरें बढ़ाने के बजाय उन्हें कम किया जाना चाहिए. उन्होंने फेडरल रिजर्व से ब्याज दरों में कटौती की मांग भी की है.
हालांकि, महंगाई पर काबू पाने को लेकर फेडरल रिजर्व का रुख अलग रहा है. उसके चेयरमैन केविन वॉर्श ने महंगाई से निपटने की जरूरत पर जोर दिया है.
कभी भारतीय अर्थव्यवस्था को बताया था 'डेड'
भारत की आर्थिक तरक्की की तारीफ करने वाले ट्रंप पहले भारतीय अर्थव्यवस्था को 'डेड' यानी मृत बता चुके हैं. जुलाई 2025 में उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर भारत और रूस को लेकर तीखी टिप्पणी की थी.
उस समय टैरिफ विवाद के बीच ट्रंप ने कहा था कि भारत और रूस की अर्थव्यवस्थाएं मृत हैं. उन्होंने लिखा था कि उन्हें इस बात की परवाह नहीं है कि भारत रूस के साथ क्या करता है और दोनों देश मिलकर अपनी अर्थव्यवस्थाओं को और नीचे ले जा सकते हैं.
अब भारत की विकास दर और कम ब्याज दरों का उदाहरण देकर ट्रंप अमेरिका को उससे सीखने की सलाह दे रहे हैं.
ये भी पढ़ें- निखिल गुप्ता ने रची थी खालिस्तानी आतंकी पन्नू को मारने की साजिश! अमेरिका में 19 साल जेल की सजा