निखिल गुप्ता ने रची थी खालिस्तानी आतंकी पन्नू को मारने की साजिश! अमेरिका में 19 साल जेल की सजा

अमेरिका की एक अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने के मामले में 19 साल 7 महीने जेल की सजा सुनाई है.

Nikhil Gupta 19-year prison sentence in the US Gurpatwant Pannun Murder Plot
Image Source: Social Media

अमेरिका की एक अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने के मामले में 19 साल 7 महीने जेल की सजा सुनाई है. 55 साल के निखिल ने इस साल की शुरुआत में हत्या के लिए सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप स्वीकार कर लिए थे.

शुक्रवार को सजा सुनाए जाने के दौरान निखिल ने अदालत में पन्नू से माफी भी मांगी. उन्होंने कहा कि उन्हें अपने किए पर पछतावा है, लेकिन अब वह बीती बातों को बदल नहीं सकते.

न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज विक्टर मारेरो ने करीब 80 मिनट तक चली सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया.

निखिल ने कहा- पन्नू और सिख समुदाय से माफी मांगता हूं

सजा सुनाए जाने से पहले निखिल गुप्ता ने अदालत में करीब 6 मिनट तक अंग्रेजी में अपनी बात रखी. इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग जैसे महान नेताओं का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वह इन सभी के दिखाए रास्ते पर चलना चाहते थे.

इसके बाद निखिल ने पन्नू की ओर देखते हुए कहा कि वह अपने किए को बदल नहीं सकते. उन्होंने पन्नू, सिख समुदाय और इस मामले से जुड़े लोगों से माफी मांगी. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपने काम पर पछतावा है.

बात करते हुए निखिल भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि इस मामले की वजह से उनकी पत्नी, मां और बच्चों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है.

पन्नू बोला- 1200 दिनों से सामान्य तरीके से काम नहीं कर पाया

अदालत में सुनवाई के दौरान गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी अपना पक्ष रखा. उसने कहा कि हत्या की साजिश का खुलासा होने के बाद से वह 1200 दिनों से ज्यादा समय तक सामान्य तरीके से वकालत का काम नहीं कर पाया है.

पन्नू ने करीब 20 मिनट तक अदालत में अपनी बात रखी. हालांकि, जज ने उसे अपनी बात संक्षेप में रखने के लिए कहा, ताकि सुनवाई आगे बढ़ाई जा सके.

सुनवाई से पहले पन्नू के कई समर्थक न्यूयॉर्क की अदालत के बाहर जमा हुए थे. उनके हाथों में निखिल गुप्ता और इस मामले से जुड़े दूसरे लोगों के पुतले थे. पन्नू भी सुनवाई के दौरान अदालत में मौजूद था. उसके साथ सिख समुदाय के कई लोग भी पहुंचे थे.

सजा पूरी होने के बाद अमेरिका से बाहर किए जाएंगे निखिल

अदालत ने निखिल गुप्ता को जेल की सजा पूरी होने के बाद निगरानी में रिहा करने का आदेश नहीं दिया है. जज ने कहा कि सजा पूरी होने के बाद उन्हें अमेरिका से बाहर भेजने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

वहीं, निखिल के वकीलों ने अदालत के फैसले पर निराशा जताई है. उनका कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि अदालत निखिल को इससे कम सजा सुनाएगी.

ऐसे रची गई थी पन्नू की हत्या की साजिश

अमेरिकी अदालत में पेश किए गए दस्तावेजों के मुताबिक, साल 2023 में निखिल गुप्ता ने भारत और दूसरे देशों में मौजूद कुछ लोगों के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की योजना बनाई थी. इस मामले में विकास यादव का नाम भी सामने आया था.

अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि विकास यादव के कहने पर निखिल गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह अपराधी गिरोह से जुड़ा हुआ समझ रहा था. हालांकि, वह व्यक्ति अमेरिकी जांच एजेंसी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का मुखबिर था.

आरोप है कि निखिल ने इस व्यक्ति से न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या के लिए शूटर का इंतजाम करने को कहा था. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, विकास यादव ने निखिल के जरिए हत्या के लिए 1 लाख डॉलर देने की बात कही थी.

इसके अलावा, 9 जून 2023 के आसपास निखिल और विकास ने अपने एक साथी के जरिए 15 हजार डॉलर नकद एडवांस के तौर पर भी भिजवाए थे.

भारत सरकार ने आरोपों को किया खारिज

इस मामले में गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भारत सरकार, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल के खिलाफ अमेरिका में अलग से मुकदमा भी दर्ज कराया है. पन्नू का आरोप है कि उसकी हत्या की साजिश में ये लोग शामिल थे.

13 नवंबर को न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने इस मुकदमे से जुड़े समन और दूसरे कानूनी दस्तावेज भारत की अदालतों के माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया था. अजीत डोभाल से जुड़े दस्तावेजों के लिए पटियाला हाउस कोर्ट और सामंत गोयल से जुड़े दस्तावेजों के लिए द्वारका और तीस हजारी अदालतों से मदद मांगी गई है.

हालांकि, निखिल गुप्ता की वकील किर्शनर ने स्पष्ट किया है कि पन्नू की ओर से दायर यह मुकदमा निखिल के आपराधिक मामले से अलग है. इसका निखिल की सजा से जुड़ी सुनवाई पर कोई असर नहीं पड़ता.

वहीं, भारत सरकार ने पन्नू की हत्या की किसी भी साजिश में शामिल होने के आरोपों को सिरे से खारिज किया है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 10 नवंबर को कहा था कि भारत अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को स्वीकार नहीं करता. उन्होंने पन्नू की ओर से दायर मुकदमे को भी बेबुनियाद बताया था.