विदेश घूमने का प्लान बनाते समय लोग अक्सर थाईलैंड, स्विट्जरलैंड, बाली और पेरिस जैसी जगहों के बारे में सोचते हैं. लेकिन खूबसूरत पहाड़ों से लेकर समुद्र तटों, ऐतिहासिक किलों, जंगलों और लजीज खानपान तक, भारत में भी घूमने के लिए बहुत कुछ है. देश की इसी विविधता को अब अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है. अमेरिकी ट्रैवल मैगजीन Travel Leisure ने भारत को साल 2027 के लिए 'डेस्टिनेशन ऑफ द ईयर' चुना है.
मैगजीन ने भारत की प्राकृतिक खूबसूरती, समृद्ध विरासत, वन्यजीवों, खानपान और अलग-अलग संस्कृतियों को इस पहचान की वजह बताया है. इससे पहले साल 2026 के लिए ब्राजील, 2025 के लिए थाईलैंड और 2024 के लिए कोस्टा रिका को यह खिताब दिया गया था. खास बात यह है कि मैगजीन ने 2027 में घूमने के लिए भारत की 11 जगहों को भी अपनी लिस्ट में शामिल किया है. आइए जानते हैं इन खूबसूरत डेस्टिनेशन के बारे में.
🚨 India has been named Travel Leisure's destination of the year for 2027. https://t.co/TrZgh4fsZ5
— Indian Tech & Infra (@IndianTechGuide) November 19, 2026
भारत में क्यों घूमना पसंद करते हैं विदेशी पर्यटक?
भारत की सबसे बड़ी खासियत यहां की विविधता है. उत्तर में बर्फ से ढके हिमालय के पहाड़ हैं, तो दक्षिण में खूबसूरत समुद्री तट. कहीं रेगिस्तान और पुराने किले देखने को मिलते हैं, तो कहीं घने जंगल, झरने और अनोखी प्राकृतिक गुफाएं हैं. देश की ऐतिहासिक विरासत भी दुनियाभर के पर्यटकों को आकर्षित करती है. आगरा का ताजमहल, राजस्थान के किले-महल, खजुराहो के प्राचीन मंदिर और हम्पी के ऐतिहासिक स्मारक भारत के गौरवशाली इतिहास की झलक दिखाते हैं.
आध्यात्मिक पर्यटन के लिए भी मशहूर है भारत
भारत दुनियाभर में आध्यात्मिक पर्यटन के लिए भी जाना जाता है. वाराणसी, हरिद्वार, ऋषिकेश, पुरी, अमृतसर और बोधगया जैसे शहरों में हर साल बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं. योग, आयुर्वेद और ध्यान में दिलचस्पी रखने वाले लोगों के लिए भी भारत खास जगह है.
विदेशी पर्यटकों को पसंद आता है देसी जायका
भारत की खूबसूरती के साथ यहां का खानपान भी विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करता है. पंजाब के छोले-कुलचे, गुजरात की थाली, दक्षिण भारत का डोसा-इडली, बंगाल की मिठाइयां और राजस्थान की दाल-बाटी चूरमा जैसे पकवान देश की अलग-अलग खानपान परंपराओं से रूबरू कराते हैं.
2027 में घूमने के लिए भारत की ये 11 जगहें हैं खास
1. लक्षद्वीप: समुद्र, सफेद रेत और नीले पानी के बीच छुट्टियां बिताना चाहते हैं तो लक्षद्वीप शानदार जगह है. यहां के खूबसूरत लैगून, कोरल रीफ और शांत बीच पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. हालांकि, यहां घूमने के लिए पहले से परमिट लेना जरूरी है.
2. चेट्टीनाड, तमिलनाडु: तमिलनाडु का चेट्टीनाड अपने आलीशान पुराने घरों, खास वास्तुकला और पारंपरिक खानपान के लिए मशहूर है. यहां के बड़े-बड़े हेरिटेज मेंशन और खूबसूरत आंगन इतिहास और संस्कृति में दिलचस्पी रखने वाले लोगों को खूब पसंद आएंगे.
3. मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश में घूमने के लिए ऐतिहासिक इमारतों से लेकर घने जंगलों तक कई विकल्प हैं. खजुराहो के प्राचीन मंदिर, सांची का स्तूप और पन्ना नेशनल पार्क का टाइगर सफारी अनुभव इस राज्य को खास बनाते हैं.
4. मुंबई, महाराष्ट्र: मुंबई को सपनों का शहर कहा जाता है. यहां समुद्र किनारे की खूबसूरती, बॉलीवुड, ऐतिहासिक इमारतें, शानदार रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड का अनोखा मेल देखने को मिलता है. शहर के अलग-अलग इलाकों की अपनी खास पहचान है.
5. नई दिल्ली: देश की राजधानी नई दिल्ली इतिहास, संस्कृति और आधुनिक जीवन का खूबसूरत संगम है. यहां कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा, इंडिया गेट और पुराने बाजार घूमने के लिए बेहतरीन जगहें हैं. चांदनी चौक का स्ट्रीट फूड भी पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है.
6. मावसिनराम, मेघालय: मेघालय का मावसिनराम अपनी भारी बारिश, हरियाली और प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है. यहां बादलों से ढकी पहाड़ियां, झरने और बलुआ पत्थर की गुफाएं देखने को मिलती हैं. प्रकृति प्रेमियों के लिए यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है.
7. जोधपुर, राजस्थान: राजस्थान का जोधपुर ब्लू सिटी के नाम से मशहूर है. यहां नीले रंग से रंगे पुराने घर, विशाल मेहरानगढ़ किला और राजस्थानी संस्कृति पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. इतिहास और फोटोग्राफी पसंद करने वालों के लिए यह शानदार डेस्टिनेशन है.
8. जयपुर, राजस्थान: जयपुर को पिंक सिटी कहा जाता है. यहां हवा महल, आमेर किला, सिटी पैलेस और रंगीन बाजारों में घूमने का अलग ही अनुभव मिलता है. शाही वास्तुकला, पारंपरिक कपड़े और राजस्थानी खानपान इस शहर की खासियत हैं.
9. गोवा: समुद्र किनारे छुट्टियां बिताने के शौकीनों के लिए गोवा हमेशा से पसंदीदा जगह रहा है. यहां खूबसूरत बीच, समुद्री नजारे, पुराने गांव और पुर्तगाली विरासत देखने को मिलती है. भीड़भाड़ से दूर शांत समुद्र तटों पर सुकून के पल बिताए जा सकते हैं.
10. खज्जियार, हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश में स्थित खज्जियार को भारत का मिनी स्विट्जरलैंड कहा जाता है. चारों तरफ देवदार के जंगल, हरे-भरे मैदान और पहाड़ों के खूबसूरत नजारे इसे खास बनाते हैं. यहां प्रकृति के बीच शांत छुट्टियां बिताई जा सकती हैं.
11. उदयपुर, राजस्थान: उदयपुर को झीलों की नगरी और 'वेनिस ऑफ द ईस्ट' भी कहा जाता है. यहां पिछोला झील, सिटी पैलेस और खूबसूरत महल पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. रोमांटिक ट्रिप और शाही अंदाज में छुट्टियां बिताने के लिए यह शानदार जगह है.
तो अगर आप साल 2027 में घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो विदेश जाने से पहले भारत की इन खूबसूरत जगहों को भी अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं. यहां प्रकृति, इतिहास, संस्कृति और खानपान का ऐसा मेल मिलेगा, जो आपकी यात्रा को यादगार बना सकता है.