हमारी आपस में खूब बनती है... शी-जिनपिंग से मिलकर बोले ट्रंप, जानिए चीनी राष्ट्रपति ने क्या कहा?

Donald Trump China Visit: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन के दौरे पर हैं. चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा कि हमारी आपस में खूब बनती है.

Donald Trump China visit meeting with President Xi Jinping
Image Source: Social Media

Donald Trump China Visit: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन के दौरे पर हैं. चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा कि हमारी आपस में खूब बनती है. जब भी कोई मुश्किलें आईं, हमने मिलकर उन्हें सुलझाया. हम मिलकर शानदार भविष्य बनाने जा रहे हैं. वहीं जिनपिंग ने कहा कि हमारी इस बैठक पर पूरी दुनिया की नजर है. हम मिलकर दुनिया में बदलाव करेंगे. इससे पहले ट्रंप को बीजिंग में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.

दोनों देशों के बीच मजबूत रिश्ता

दौरे के दूसरे दिन चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान दोनों देशों की दोस्ती में खास गर्मजोशी दिखी. राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, “आप और मैं अब एक-दूसरे को काफी लंबे समय से जानते हैं. सच्चाई यही है कि हमारे दोनों देशों के बीच यह अब तक का सबसे लंबा रिश्ता है जो किसी भी 2 राष्ट्रपतियों के बीच रहा है. और मेरे लिए, यह बड़े सम्मान की बात है.”

हम मिलकर शानदार भविष्य बनाने जा रहेः ट्रंप

ट्रंप ने आगे कहा, “हमारे आपसी रिश्ते बहुत शानदार रहे हैं. हमारी आपस में खूब बनती है. जब भी कोई मसला आया, हमने मिलकर उन्हें सुलझाया. मैं आपको फोन करता था, और आप मुझे फोन करते थे. जब भी हमारे सामने कोई समस्या आई, हमने उसे तत्काल सुलझाया भी, और हम मिलकर एक शानदार भविष्य बनाने जा रहे हैं.”

चीन और अमेरिका के रिश्ते पहले से बेहतर होंगे

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग को लेकर कहा, “चीन और अमेरिका के बीच रिश्ते पहले से कहीं ज्यादा बेहतर होने वाले हैं. हमारा भविष्य एक साथ बहुत शानदार होगा. मेरे मन में चीन को लेकर बहुत ज्यादा इज्जत है, और उस काम के लिए भी जो आपने किया है.”

आप महान नेता हैंः ट्रंप

जिनपिंग की तारीफ करते हुए ट्रंप ने कहा, “आप एक महान नेता हैं. मैं यही बात सबसे कहता हूं. कभी-कभी लोगों को मेरा ऐसा कहना पसंद नहीं आता, लेकिन फिर भी मैं यह कहता हूं.”

उन्होंने आगे कहा, “हमारे साथ जो महान प्रतिनिधिमंडल आया है, उनकी तरफ से- हमारे साथ दुनिया के सबसे बड़े, सबसे बेहतरीन और, मेरा मानना है, सबसे अच्छे बिजनेसमैन आए हैं. मुझे कंपनी में दूसरे या तीसरे नंबर के लोग नहीं चाहिए थे. मुझे सिर्फ सबसे ऊपर वाले लोग चाहिए थे. वे आज यहां आपको और चीन को सम्मान देने आए हैं. वे व्यापार और बिजनेस करने को लेकर उत्साहित हैं, और हमारी ओर से यह पूरी तरह से आपसी होगा. यह एक बहुत बड़ी बातचीत है. जो लोग कहते हैं कि यह शायद अब तक का सबसे बड़ा शिखर सम्मेलन है, उन्हें पहले कभी ऐसा कुछ याद नहीं आता.”

मतभेद की तुलना में साझा हित अहमः जिनपिंग

अमेरिकी राष्ट्रपति की चीन यात्रा को लेकर मेजबान राष्ट्रपति जिनपिंग ने कहा, “9 साल बाद चीन में आपका फिर से स्वागत है. पूरी दुनिया की नजर हमारी इस बैठक पर लगी हुई है. इस समय, पूरी दुनिया में एक ऐसा बदलाव तेजी से आ रहा है जो पिछली एक सदी में नहीं देखा गया था. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थिति भी अस्थिर और उथल-पुथल भरी रही है.” उन्होंने कहा कि अमेरिका और चीन के बीच पहले की तुलना में बेहतर रिश्ते बनने जा रहे हैं.

हम प्रतिद्वंद्वी नहीं, बल्कि साझेदारः जिनपिंग

जिनपिंग ने कहा, “क्या हम मिलकर वैश्विक बदलावों का सामना कर सकते हैं? हम आपसी प्रतिद्वंद्वी नहीं, बल्कि साझेदार हैं. हम कई अहम मसलों पर चर्चा करेंगे. हमें एक-दूसरे को सफल होने में मदद करनी चाहिए. मेरा हमेशा से यही मानना रहा है कि हमारे दोनों देशों के बीच मतभेदों की तुलना में साझा हित कहीं अधिक हैं. एक की कामयाबी दूसरे के लिए एक अवसर होती है, और एक स्थिर द्विपक्षीय संबंध पूरी दुनिया के लिए हितकर होता है.”

अमेरिका के साथ दोस्ती का जिक्र करते हुए चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग ने कहा, “चीन और अमेरिका, दोनों को ही आपसी सहयोग से लाभ होगा, जबकि टकराव से दोनों को ही नुकसान उठाना पड़ेगा. हमें आपसी प्रतिद्वंद्वी के रूप में नहीं, बल्कि साझेदार के रूप में होना चाहिए. हमें एक-दूसरे को सफल होने में मदद करनी चाहिए, मिलकर समृद्ध होना चाहिए, और नए दौर में बड़े देशों के आपस में तालमेल बिठाने का सही रास्ता खोजना चाहिए.”

ये भी पढ़ें: ईरान, तेल और अमेरिका-चीन संबंध... कितना अहम है डोनाल्ड ट्रंप का बीजिंग दौरा, क्या हैं मायने?