पिछले कई महीनों से सोशल मीडिया पर एक ही चर्चा बार-बार सुनाई दे रही थी—क्या भूषण कुमार और दिव्या खोसला कुमार अलग होने वाले हैं? गॉसिप पोर्टल्स और वायरल पोस्ट्स ने इस अफवाह को इतना हवा दी कि लोगों ने इसे सच मानना शुरू कर दिया. लेकिन हकीकत कहीं और ही निकली. टी-सीरीज़ के चेयरमैन भूषण कुमार की पत्नी, अभिनेत्री, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर दिव्या खोसला कुमार ने खुद आगे बढ़कर इन बातों पर विराम लगा दिया है.
हाल ही में उन्होंने Reddit पर “Ask Me Anything” सेशन किया, जिसमें उन्होंने अपने करियर, निजी जिंदगी और बॉलीवुड के अनुभवों पर बिना किसी लाग-लपेट के खुलकर बातें कीं. उनकी बेबाकी ने फैंस को प्रभावित भी किया और कई गलतफहमियों को भी दूर कर दिया.
तलाक की चर्चाओं पर दिव्या का सीधा जवाब
AMA सेशन में जैसे ही एक यूज़र ने पूछा—“क्या आप तलाक ले रही हैं?” दिव्या ठहाके लगाकर हंस पड़ीं. उन्होंने कहा,अरे नहीं-नहीं! बिल्कुल नहीं. लेकिन मीडिया को शायद यही चाहिए कि हम तलाक ले लें. उन्हें ऐसी खबरों का बड़ा मज़ा आता है. उनके इस जवाब ने साफ कर दिया कि तलाक की सारी बाते सिर्फ झूठी अफवाहें हैं. दिव्या और भूषण की शादी को लगभग दो दशक हो चुके हैं. साल 2005 में 21 वर्ष की उम्र में उन्होंने वैदिक रीति से शादी की थी और आज भी दोनों साथ में अपनी जिंदगी और करियर खूबसूरती से संभाल रहे हैं. उनका बेटा रुहान, जो अक्टूबर 2011 में पैदा हुआ था, भी उनके परिवार की खुशी का केंद्र है.
बॉलीवुड को बताया मगरमच्छों से भरा तालाब
एक फैन ने उनसे पूछा कि भारी दबाव और टॉक्सिक माहौल के बावजूद वह मानसिक रूप से इतनी मजबूत कैसे रहती हैं. इस पर दिव्या ने बॉलीवुड की एक दिलचस्प तुलना की.उन्होंने कहा, मेरे हिसाब से बॉलीवुड एक ऐसा तालाब है जिसमें चारों तरफ मगरमच्छ भरे हैं. आपको उन्हीं के बीच से अपना रास्ता निकालना पड़ता है. उन्होंने आगे कहा कि इंसान को सबसे पहले खुद के प्रति ईमानदार रहना चाहिए. मैं अपनी आत्मा काम के लिए नहीं बेचूंगी. काम मिले तो ठीक, न मिले तो भी कोई पछतावा नहीं. सिद्धांतों पर टिके रहना सबसे जरूरी है.
‘सावी’ को बताया अपने करियर की सबसे यादगार फिल्म
जब उनसे पूछा गया कि उनकी सबसे यादगार शूटिंग कौन सी रही, तो दिव्या ने तुरंत ‘सावी’ फिल्म का नाम लिया.यह फिल्म यूके में माइनस तापमान में शूट हुई थी. लगातार 42 दिन की बेहद ठंडी शूटिंग को दिव्या आज भी अपने करियर के सबसे कठिन, लेकिन बेहतरीन अनुभवों में गिनती हैं. उन्होंने कहा कि ‘सावी’ का प्रोडक्शन इतना शानदार था कि अब वह हर फिल्म में उसी स्तर के काम की उम्मीद करती हैं.
काम के मोर्चे पर लगातार व्यस्त
दिव्या खोसला कुमार इन दिनों कई प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं. वह हाल ही में नील नितिन मुकेश के साथ ‘एक चतुर नार’ में नजर आईं. इसके अलावा उनकी फिल्म ‘हीरो हीरोइन’ भी तैयार है, जिसमें तुषार कपूर उनके साथ मुख्य भूमिका में हैं. एक तेलुगु फिल्म की शूटिंग भी वह पूरी कर चुकी हैं.
AMA में जवाब दिए 50 से ज्यादा सवाल
फैंस से जुड़ने के लिए उन्होंने AMA में 50 से अधिक सवालों के जवाब दिए. कई यूज़र्स को उन्होंने व्यक्तिगत वीडियो संदेश भी भेजे.फैंस ने उनकी ईमानदारी, ह्यूमर और ज़मीन से जुड़े स्वभाव की तारीफ की. दिव्या ने इस इंटरैक्शन के जरिए साबित कर दिया कि वह सिर्फ सफल अभिनेत्री या निर्देशक ही नहीं, बल्कि हंसमुख, स्पष्टवादी और बेहद मजबूत इंसान भी हैं और सोशल मीडिया की अफवाहें उनकी जिंदगी की सच्चाई को नहीं बदल सकतीं.
यह भी पढ़ेंः Dhurandhar Movie Review: निडर, दहाड़ती और देशभक्ति से लबरेज़, फिल्म को खूब मिल रहा दर्शकों का प्यार